दुकान के लिए निकले युवक की हत्या, फिर इलाके में आगजनी और तोड़फोड़ हुई

यूपी। संतकबीरनगर जिले में गुटखा लेने गए युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। गुरुवार देर शाम हुई इस हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने आगजनी और तोड़फोड़ की। आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बभनी-पिपरा बोरिंग मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। डीआईजी, डीएम, एसपी, एएसपी समेत कई थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
बखिरा क्षेत्र के कोलकी चमरसन गांव का रहने वाला आनंद कुमार (26) पुत्र इंद्रेश गुरुवार की देर शाम अपने घर से दो किलोमीटर दूर बभनी चौराहे पर बाइक से गुटखा लेने गया था। उसी दौरान वहां घात लगाए बैठे आरोपियों ने धारदार हथियार से गला रेत कर आनंद कुमार की नृशंस हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी भाग निकले। इधर हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिजन और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बभनी चौराहे और कुसम्हा में तोडफोड़ के साथ ही आगजनी कर दी। इसमें कई गुमटियां जल गईं। ग्रामीणों बभनी चौराहे पर शव रख कर जाम लगा दिया। हत्यारोपी की तत्काल गिरफ्तारी की और पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाने की मांग पर देर रात तक ग्रामीण अड़े रहे। ग्रामीणों पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
सूचना पाकर मौके पर डीआईजी संजीव त्यागी, डीएम आलोक कुमार, एसपी संदीप कुमार मीना, एएसपी सुशील कुमार सिंह, एसडीएम, सीओ, एसओ बखिरा, एसओ मेंहदावल, एसओ बेलहर, एसओ दुधारा, धर्मसिंहवा, कोतवाल खलीलाबाद, एसओजी टीम और एलआईयू, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटना से तनाव को देखते हुए आरोपी के गांव कुसम्हा में भी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मौके पर अधिकारी जमे हैं। घटना दो समुदायों से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के छोटे भाई रोहित का आरोप है कि आनंद गुटखा लेने गया था। उसी दौरान आरोपियों ने पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ भगा निकला। हत्या करने वाला मुख्य आरोपी बखिरा क्षेत्र के कुसम्हा गांव का है। चर्चा है कि हत्या के पीछे की वजह प्रेम प्रसंग है। हालांकि, इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।





