भारत

दुकान के बाहर खड़े युवक की हत्या, दोस्तों ने घेरकर पीछे से चाकू मारा, आरोपी फरार

Shantanu Roy
19 Feb 2026 12:22 AM IST
दुकान के बाहर खड़े युवक की हत्या, दोस्तों ने घेरकर पीछे से चाकू मारा, आरोपी फरार
x
बड़ी खबर
Kota. कोटा। शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात आपसी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर के पास स्थित एक दुकान के बाहर खड़ा था, तभी मोहल्ले के कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और पीछे से चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विक्रम सिंह (27) के रूप में हुई है, जो बॉम्बे योजना क्षेत्र का निवासी था। परिजनों के अनुसार, घटना रात करीब सवा नौ बजे की है। विक्रम रोज की तरह घर के पास स्थित दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले कुछ युवक वहां पहुंचे और अचानक विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते आरोपियों ने विक्रम पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विक्रम के शरीर पर तीन से चार गंभीर घाव मिले हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल विक्रम को New Medical College Hospital पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। विक्रम सिंह के बड़े भाई लक्की ने बताया कि हमलावर विक्रम के परिचित और दोस्त थे। उनके अनुसार, आरोपियों में आशु, अकरम, राजकुमार, गोलू सहित अन्य युवक शामिल हैं। लक्की ने बताया कि विक्रम और इन युवकों के बीच पहले भी छोटी-मोटी कहासुनी हुई थी। “सुबह समझाइश भी की गई थी, लेकिन रात में उन्होंने मिलकर मेरे भाई पर हमला कर दिया,” उन्होंने कहा। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया और पीछे से वार कर जानलेवा चोट पहुंचाई।

मामले पर जानकारी देते हुए डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि युवक पर चाकू से हमला होने की पुष्टि हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और फरारी के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं, लेकिन प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और पुराना विवाद कारण माना जा रहा है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
Next Story