बेटा हुआ है, युवक ने रखी पार्टी, हर्ष फायरिंग में एक की चली गई जान

यूपी। प्रयागराज में एक युवक की हर्ष फायरिंग में जान चली गई। युवक की मौत का जिम्मेदार उसी का चचेरा भाई है। जहां परिवार एक नई जिंदगी के लिए खुशियां मना रहा था। वहीं, कार्यक्रम में मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। कार्यक्रम परिवार में हुए एक बच्चे के जन्म की खुशी में रखा हुआ था। इसी कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने हर्ष फायरिंग की और गोली उसके चचेरे भाई के सीने में जा लगी।
बताया जा रहा है कि करछना थाना क्षेत्र के निरिया गांव में सोमवार देर रात बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित बधावा कार्यक्रम उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे पर चल रहे जश्न के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली परिवार के युवक को जा लगी। युवक को गोली लगते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। परिवार वाले आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। गंभीर रूप से घायल युवक की एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिवार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चचेरे भाई को उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर समेत गिरफ्तार कर लिया।
निरिया गांव निवासी अनूप यादव के घर पुत्र जन्म की खुशी में बधावा कार्यक्रम आयोजित था। डीजे पर नाच-गाना चल रहा था और बड़ी संख्या में रिश्तेदार व अन्य लोग शामिल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अनूप यादव के भतीजे विजय यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड फायरिंग के बीच एक गोली कार्यक्रम में मौजूद विजय यादव के चचेरे भाई 22 वर्षीय सर्वेश यादव उर्फ गोलू के सीने पर लगी। सर्वेश चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। वह एक निजी कृषि कंपनी में फील्ड मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
गोली लगते ही गोलू तड़पकर नीचे गिर गया। कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए लेकिन उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने पुलिस में हर्ष फायरिंग करने वाले भतीजे के खिलाफ तहरीर दी। करछना थाना प्रभारी प्रवीण गौतम ने बताया कि मृतक के पिता राजेंद्र प्रसाद यादव की तहरीर पर आरोपी विजय यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर के अनुसार मामले में जांच के बाद पुलिस का कहना है कि जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





