रमी की लत ऐसी लगी की खुद पुलिस के पास दौड़ा युवक, छुटकारा दिलाने की गुहार

यूपी। राजधानी लखनऊ में एक युवक ने अपनी सरकारी सेवा में कार्यरत पत्नी की सहमति से उसी के नाम से आईडी बनाई और ऑनलाइन गेम रमी कल्चर ऐप पर खेलने लगा। खेलते-खेलत कंगाल हो गया तो पुलिस के पास पहुंचा है। खरगापुर के रहने वाले युवक ने अपनी लत से छुटकारा पाने के लिए गोमतीनगर पुलिस से गुहार लगाई है। लत छोड़ने के लिए खुद को ब्लॉक करने के लिए रमी कल्चर ऐप को तमाम मेल किए। इसके बाद भी ब्लॉक नहीं किया गया। इससे वह फिर गेम खेलने लगता है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्राइवेट नौकरी करने वाले युवक की पत्नी सरकारी विभाग में सेवारत है। उसने तहरीर दी कि रमी कल्चर ऑनलाइन गेमिंग ऐप पर पत्नी के नाम से अकाउंट बनाया था। पत्नी की सहमति पर उसके कागजात का उपयोग किया था। इसके बाद ऑनलाइन गेम खेलने लगा। न चाहते हुए भी धीरे-धीरे लत पड़ गई। इसे छोड़ने के लिए काफी प्रयास किए पर छुटकारा नहीं मिला। खुद को ब्लॉक कर दिया। कुछ दिन बाद खुद से ही अनब्लॉक भी कर लिया। कई बार रमी कल्चर से भी गुजारिश की कि ब्लॉक कर दिया जाए पर नहीं किया गया। जब लत छोड़ने के सारे प्रयास कर हार चुका, तब पुलिस के पास भागकर आया और तहरीर दी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित बेहद परेशान था। समझाकर ढाढस बंधाया गया है। इसके अलावा तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। इस मामले में साइबर थाने की भी मदद ली जाएगी। पीड़ित ने बताया कि गेम की लत में वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुका है। आर्थिक रूप से टूट चुका है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि खेलने वाला व्यक्ति खुद को ब्लॉक और अनब्लॉक कर सकता है। ऐप ने यह ट्रिक रखी है, जबकि यह नहीं होना चाहिए।





