बाथरूम में बच्चों को बंद कर महिला अपने प्रेमी संग मनाती रही रंगरलियां, दुबई से आया कॉल और पहुंची पुलिस

यूपी। मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने ब्वॉयफ्रेंड संग मिलकर अपने ही बच्चों पर जुल्म ढाया। दरअसल, गुरुवार देर रात महिला ने ब्वॉयफ्रेंड को घर बुलाया था। बच्चों ने घर में अनजान युवक को देखकर विरोध किया तो प्रेमी संग मिलकर महिला ने अपने ही दोनों बच्चों को आठ घंटे बाथरूम में बंद कर दिया। बच्चों ने दुबई में अपने पिता को कॉल कर पूरा मामला बताया। इसके बाद दुबई से व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारों और पुलिस को सूचना दी। परिजन पहुंचे तो ब्वॉयफ्रेंड बेड में छिप गया था। परिजनों ने पहले तो बच्चों को बाथरूम से बाहर निकाला और इसके बाद मकान की तलाशी में बेड के अंदर से आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान मौके पर विवाद हुआ, जिसमें दो लोग घायल हो गए। आरोपी महिला, उसके प्रेमी और कुछ अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिस्मिल्लाह कॉलोनी का रहने वाला सलाउद्दीन दुबई में नौकरी करता है। मेरठ वाले मकान पर पत्नी आसमा अपने दो बच्चों के साथ रहती है। बड़ा बेटा 10 साल और छोटा आठ साल का है। महिला का पड़ोसी युवक सरफराज से प्रेम प्रसंग चल रहा है। गुरुवार देर रात सरफराज उसके घर पहुंचा था। दोनों बच्चों ने उसको देख लिया और अपने पिता से शिकायत करने की धमकी दी। इस पर आसमा और उसके प्रेमी ने दोनों बच्चों की पिटाई कर दी और दोनों को रात दो बजे बाथरूम में बंद कर दिया। बड़े बेटे के पास फोन था, इसलिए उसने पिता को कॉल करना शुरू कर दिया। कॉल नहीं मिला और रात भर बच्चों को बाथरूम में बंद रहना पड़ा। सुबह करीब आठ बजे बच्चे ने दोबारा पिता को कॉल किया तो सलाउद्दीन ने तुरंत फलावदा निवासी रिश्तेदार जमालुद्दीन, कुछ अन्य लोगों और पुलिस को मदद के लिए कॉल किया।
दुबई में बैठे सलाउद्दीन ने मेरठ पुलिस को कॉल कर मदद मांगी। पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान आरोपी मौके से निकल भागे। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चों और उनके परिजनों को थाने लाया गया। इस दौरान सलाउद्दीन के परिजनों ने आसमा, प्रेमी सरफराज और उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। इसी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
जमालुद्दीन अपने बेटे और कुछ अन्य लोगों के साथ बिस्मिल्लाह कॉलोनी पहुंचे। बाथरूम में बंद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। मकान की तलाशी लेना शुरू किया तो बेड के अंदर छिपा महिला का प्रेमी सरफराज दबोच लिया गया। आरोपी की बेड से बरामद होने की वीडियो भी बना ली गई। इस दौरान मौके पर हंगामा हो गया। वहीं, महिला ने सरफराज के परिजनों को कॉल कर बुला लिया। मौके पर दोनों पक्ष के बीच मारपीट हो गई। आरोपी सरफराज के एक परिजन ने तमंचा लगाकर मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसी विवाद में सलाउद्दीन का भतीजा उम्मैद और एक अन्य युवक घायल हो गए। इस मामले में एसपी सिटी विनायक गोपल भोसले का कहना है कि महिला पर आरोप है कि प्रेमी के साथ मिलकर अपने दोनों बच्चों को बाथरूम में रातभर बंद रखा था। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में जांच और कार्रवाई का आदेश दिया गया है।





