भारत

बेटे को फंदे पर लटकाकर खुद भी झूल गई महिला, मोहल्ले में फैली सनसनी

Nil dhankar
14 Feb 2026 7:43 AM IST
बेटे को फंदे पर लटकाकर खुद भी झूल गई महिला, मोहल्ले में फैली सनसनी
x
पढ़े पूरी खबर

सूरत। उमरा इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. जहां 26 वर्षीय तलाक शुदा महिला ने पहले अपने बेटे को फांसी लगाकर मार डाला और फिर उसके बाद खुद भी फांसी के फंदे से झूल गई. बताया जाता है कि महिला ने ऐसा कदम इसलिए उठाया, क्योंकि उसका पूर्व पति उसे प्रताड़ित करता था. आत्महत्या की इस घटना ने पूरे सूरत शहर में सनसनी फैला दी है. पुलिस फिलहाल इस मामले में आगे की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार मृतक पूनम पिछले कुछ समय से अपने मायके में मां और भाई के साथ रहती थी. घटना के दिन सुबह पूनम का भाई किसी काम से घर से बाहर गया था. सुबह लगभग 11 बजे जब वह अपना मोबाइल चार्जर लेने के लिए अचानक घर वापस लौटा, तब घर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. उसने देखा कि उसकी बहन पूनम और उसका 4 साल का भांजा दोनों पंखे से लटके हुए थे. तत्काल अस्पताल ले जाने के बावजूद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

पूनम ने पांच साल पहले अहमदाबाद में रहने वाले और कपड़े की दुकान में नौकरी करने वाले करण तायड़े के साथ प्रेम विवाह किया था. सपनों के साथ शुरू हुआ यह सफर कुछ ही दिनों में दुःस्वप्न बन गया था. गर्भावस्था के दौरान भी उसकी उचित देखभाल करने के बजाय उसे मायके भेज दिया गया था. मृतक तलाकशुदा महिला के भाई सफ़ान ने बताया कि मैं सुबह 10 बजे ऑफिस गया था. फिर 11:30 बजे मोबाइल का चार्जर लेने आया था. मैंने जैसे ही अंदर का दरवाजा खोला तो देखा कि दोनों एक ही रस्सी से लटक रहे हैं. इसे बाद मैंने पड़ोसियों को सूचित किया. मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था. जिसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. मेरी बहन की शादी को 5 साल हुए थे. लेकिन शादी के 2 साल बाद ही उसका डिवोर्स हो गया था. डिवोर्स के बाद भी पति फोन करता था और परेशान करता था. मेरी बहन उससे बात नहीं करना चाहती थी. जिसके बाद उसने उसका फोन भी ब्लॉक कर दिया था.

डीसीपी निधि ठाकुर ने मीडिया को बताया कि 13 फरवरी को उमरा पुलिस स्टेशन में एक घटना सामने आई है. जहां 26 वर्षीय एक महिला पूनम तायड़े ने पहले बेटे को फांसी लगाकर मार डाला. फिर खुद भी सुसाइड कर लिया. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


Next Story
null