
x
मां-बेटे की दर्दनाक मौत ने मचाया हड़कंप पति और ससुर सलाखों के पीछे
Dhanbaad धनबाद। झारखंड के धनबाद में एक दर्दनाक घटना में 23 वर्षीय महिला और उसके 10 माह के मासूम बेटे की मौत हो गई। महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर की है। मृतकों की पहचान सहाना खातून और उसके 10 माह के बेटे फैजान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार को सहाना अपने बच्चे को सीने से लगाकर आग की चपेट में आने के बाद छत से नीचे गिर गई। वह पड़ोस में स्थित एक अधिवक्ता के कार्यालय की छत पर लगे एस्बेस्टस शेड को तोड़ते हुए नीचे रखी मेज पर जा गिरी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से झुलसी सहाना और उसके मासूम बेटे को बाहर निकाला और तत्काल अशर्फी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दोनों का इलाज शुरू किया गया, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। गुरुवार को इलाज के दौरान मां और बेटे दोनों ने दम तोड़ दिया। भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने मां-बेटे की मौत की पुष्टि की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और इसके पीछे की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।
मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को कथित तौर पर परेशान किया जाता था। उन्होंने दावा किया कि घटना से एक दिन पहले भी सहाना और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। परिवार ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने की मांग की है।
दूसरी ओर, सहाना के पति शहनवाज अंसारी उर्फ राजा ने आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि घटना के समय वह परिवार के साथ बाजार गया हुआ था और वापस आने के बाद मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतका के पिता के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पति और ससुर को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
Next Story





