भारत

एक हफ्ते में बनेगी शिमला के पांच मंदिरों की वेबसाइट

Shantanu Roy
15 July 2026 5:10 PM IST
एक हफ्ते में बनेगी शिमला के पांच मंदिरों की वेबसाइट
x
Shimla. शिमला। शिमला जिला के पांच प्रमुख मंदिर ट्रस्ट अब पूरी तरह डिजिटल होने जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को घर बैठे मंदिरों से जुड़ी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पांचों मंदिर जाखू, तारादेवी, संकटमोचन, सराहन और हाटकोटी ट्रस्टों की वेबसाइट इसी माह शुरू की जाएंगी। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने मंगलवार को वेबसाइट निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी एजेंसी को एक सप्ताह के भीतर सभी वेबसाइटों का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि इन वेबसाइटों के शुरू होने से श्रद्धालुओं को मंदिरों का इतिहास, धार्मिक महत्व, पूजा-अर्चना का समय, प्रमुख उत्सवों की जानकारी, ऑनलाइन दान, आरती और विशेष पूजन की ऑनलाइन बुकिंग सहित अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। इससे देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं को भी मंदिरों से जुडऩे में सुविधा मिलेगी और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वेबसाइटों का स्वरूप सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल हो। वेबसाइटों पर सभी आवश्यक जानकारियां हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में
उपलब्ध करवाई जाएं।

साथ ही साइबर सुरक्षा, नियमित अपडेट और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। बैठक में मंदिर ट्रस्टों की आय-व्यय संबंधी जानकारी, संपर्क विवरण, श्रद्धालुओं के लिए शिकायत एवं सुझाव सुविधा तथा विभिन्न धार्मिक आयोजनों की अद्यतन जानकारी भी वेबसाइटों पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे कर इसी माह वेबसाइटों का शुभारंभ किया जाए। समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला के पांचों मंदिर ट्रस्टों में रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञापन एक ही दिन जारी किया जाएगा। इसके लिए सभी मंदिर अधिकारी इस सप्ताह के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि भर्ती प्रक्रिया समय पर शुरू की जा सके। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि डिजिटल तकनीक के अधिक उपयोग से श्रद्धालुओं को घर बैठे बेहतर और पारदर्शी सेवाएं मिलेंगी, वहीं मंदिर ट्रस्टों के प्रशासनिक कार्यों में भी दक्षता और जवाबदेही बढ़ेगी। बैठक में संबंधित मंदिर ट्रस्टों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जबकि एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, अन्य अधिकारी तथा तकनीकी एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Next Story