भारत

सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Shantanu Roy
21 July 2026 5:48 PM IST
सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
x
शिमला। सावन माह के पहले सोमवार पर राजधानी के शिव मंदिरों में श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। शहर के सभी शिवालयों के कपाट सुबह ही खुल गए थे। इसके बाद मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। लिफ्ट के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर, मिडल बाजार और कालीबाड़ी शिव मंदिर में भी सैंकड़ों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे। शिव भक्तों ने मंदिरों में शिवलिंग का जल, दूध और दही से अभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।

भक्तों ने भगवान शिव को उनके प्रिय बिल्व पत्र, फल-फूल चढ़ाकर अपने परिवार के मंगल की कामना की। प्राचीन शिव मंदिर में भक्तों को खीर का प्रसाद भी बांटा गया। शहर के मिडिल बाजार स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। इसके बाद सुबह पांच बजे से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे तक मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। सावन के पहले सोमवार को लेकर शिव भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
Next Story