एक ही परिवार के बेटे और 2 बेटियों की मौत, आयशर वाहन ने मारी ठोकर

मिली जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 बजे नीरा-मोरगांव राज्य मार्ग पर गुलूंचे से दो किलोमीटर दूर सोमेश्वर देवस्थान जाने वाली सड़क पर एक आयशर टेम्पो और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी पूरी तरह चकनाचूर हो गई. वहीं आयशर टेम्पो, स्कूटी को 150 फीट दूर तक घसीटता ले गया. जिससे स्कूटी पर सवार दो लड़कियों के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हालांकि उनका भाई हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ. जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसने भी दम तोड़ दिया. एक्सीडेंट के बाद घायल हुए एक छोटे बच्चे को गांव वालों ने तुरंत इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया. वहीं, एक्सीडेंट के बाद आयशर टेम्पो ड्राइवर गाड़ी लेकर भागने की कोशिश कर रहा था. लेकिन, गांव वालों ने उसका पीछा करके उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
गांव वाले पिछले कई सालों से इसी जगह पर स्पीड ब्रेकर की मांग कर रहे हैं. पिछले कुछ सालों में यहां चार से पांच एक्सीडेंट हो चुके हैं. जिससे हादसे के शिकार कुछ लोग दिव्यांग भी हो चुके हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया.





