
यूपी। पांच दिन पहले टीपीनगर में हुए गोलीकांड का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। मुख्य आरोपी समेत सात आरोपियों को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। उनके पास से पिस्टल भी बरामद की है। घटना की वजह एक थप्पड़ रही, जो कि कुछ दिन पहले घायल हुए एक व्यक्ति ने क्रिकेट मैच के दौरान गोलीकांड के मुख्य आरोपी को जड़ा था। इसी का बदला लेने को आरोपी ने सुनियोजित प्लान बनाकर साथियों संग गोलीकांड की वारदात को अंजाम दिया।
शुक्रवार को एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि 23 जून को कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के प्रेमपुर लोशज्ञानी रोड स्थित बिरला स्कूल के पास गोलीकांड की घटना हुई थी। मामले में 25 जून को रामपुर रोड स्थित चांदनी चौक बल्यूटिया आनंदपुर निवासी जितेंद्र सिंह मेहरा ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि 23 जून की शाम उनका छोटा भाई हरीश सिंह मेहरा अपने साथी नीरज भगत, भूपेंद्र सिंह बोरा व गणेश सिंह दरम्वाल के साथ छड़ायल की तरफ जा रहे थे। बिरला स्कूल के पास रोहित व उसके साथियों ने गाड़ी पर हमला कर दिया। रोहित ने पिस्टल से हरीश पर फायर झोंका दिया। पिस्टल से निकली गोली बीच-बचाव कर रहे भूपेंद्र को लग गई। रोहित ने दूसरा फायर भी भूपेंद्र पर झोंक दिया। रोहित के साथ अन्नू बिष्ट, विशाल बिष्ट, अक्षय, उज्जवल परगांई के हाथ में हथियार थे।
एसपी सिटी का कहना है कि मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित सहित कुल सात आरोपियों को बेलबाबा मंदिर के पास जंगल से गिरफ्तार लिया है। टीम में कोतवाल राजेश कुमार यादव, एसएसआई महेन्द्र प्रसाद, रोहताश सिंह सागर, टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार, मेडिकल चौकी प्रभारी भूपेन्द्र सिंह मेहता, धीरेन्द्र अधिकारी रहे।





