भारत

पेट्रोल के लिए हाथापाई हो गई, देर रात तक लगी रही भीड़

Nilmani Pal
27 March 2026 7:40 AM IST
पेट्रोल के लिए हाथापाई हो गई, देर रात तक लगी रही भीड़
x
पढ़े पूरी खबर

गोरखपुर। पेट्रोल और डीजल के लिए हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब एक पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाने के लिए लगी लाइन में कुछ लोगों के बीच मारपीट होने लगी. यहां लोगों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

यह मामला शहर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर कॉलोनी के एक पेट्रोल पंप का है. घटना बीती रात करीब 10 बजे की है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में लगे लोग अचानक आपस में भिड़ जाते हैं. पहले कहासुनी होती है और फिर देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेट्रोल पंप पर पहले कतार लगी हुई थी. इसी दौरान कुछ लोगों के बीच लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया. कुछ ही मिनटों में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे. मौके पर मौजूद अन्य लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की.

घटना के बाद देर रात तक दोनों पक्षों के लोगों की भीड़ पेट्रोल पंप के आसपास जुटी रही. इतने विवाद के बावजूद मौके पर सुरक्षा के इंतजाम नजर नहीं आए. दरअसल, इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच देश के कई हिस्सों में पेट्रोल-डीजल को लेकर कई बातें सामने आ रही हैं. गोरखपुर में भी इसका असर देखने को मिल रहा है. लोग जरूरत से ज्यादा फ्यूल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अचानक भीड़ बढ़ गई है.

पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही इस भीड़ को संभालना चुनौती बनता जा रहा है. कई जगहों पर कतारें लग रही हैं, जिससे लोगों में बेचैनी और जल्दबाजी बढ़ रही है.

Next Story