भारत

लाहुल-स्पीति में सैलानियों का मेला, एक ही दिन में 11332 गाडिय़ों की आवाजाही

Shantanu Roy
30 May 2026 3:05 PM IST
लाहुल-स्पीति में सैलानियों का मेला, एक ही दिन में 11332 गाडिय़ों की आवाजाही
x
Kullu. कुल्लू। अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर पर्यटन सीजन के दौरान सैलानियों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। गत गुरुवार को जारी एटीआर ऑटोमेटिक ट्रैफिक रिकॉर्ड आंकड़ों के अनुसार एक ही दिन में कुल 11332 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। इनमें 4709 वाहन लाहुल की ओर प्रवेश किए, जबकि 6623 वाहन बाहर निकले। गर्मी के मौसम के बीच रोहतांग, बारालाचा और लाहुल घाटी की ओर बढ़ते पर्यटकों का रुझान साफ देखने को मिल रहा है। हर दिन सैकड़ों की संख्या में वाहन अटल टनल से गुजर रहे हैं, जिससे पर्यटन कारोबार में भी
तेजी आई है।


होटल, होम-स्टे, टैक्सी ऑपरेटर और स्थानीय व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। वीकेंड के साथ-साथ अब सप्ताह के सामान्य दिनों में भी पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। सैलानी बर्फ से ढके पहाड़ों, ठंडी वादियों और रोमांचक सफर का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग भी बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार पर्यटन सीजन पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रौनक भरा नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में वाहनों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।
Next Story