
यूपी। पीलीभीत में जहानाबाद थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में निजी बस पर हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। हादसे में बस चालक और उसके पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि बस में आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे से कुछ मिनट पहले ही बस में सवार करीब 55 बारातियों को उतार दिया गया था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना थाना जहानाबाद क्षेत्र के गोनरीवदी गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार गोनरी गांव से एक बारात निजी बस से बरेली गई थी। विवाह समारोह संपन्न होने के बाद देर रात बारातियों को गांव छोड़कर बस वापस की जा रही थी। इसी दौरान चालक बस को बैक कर रहा था कि अचानक 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बस के ऊपर गिर पड़ा। तार गिरते ही बस में करंट फैल गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। हादसे में बस चालक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद फारूक निवासी 56 वर्षीय सज्जन खान पुत्र छमन खान और उनका 16 वर्षीय पुत्र सुभान गंभीर रूप से झुलस गए। घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही जहानाबाद थाना प्रभारी जयशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक सज्जन खान की ससुराल में ही विवाह समारोह था, जिसमें वह बस लेकर गए थे। परिवार में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से कुछ मिनट पहले ही चालक ने बस में सवार लगभग 55 लोगों को उतार दिया था। यदि उस समय बस में यात्री मौजूद होते तो बड़ा जनहानि हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल के अलावा कोतवाली और सुनगढ़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी लेकर उन्हें सांत्वना दी। वहीं दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।





