भारत

पुलिस अधिकारी का विवादित सुझाव, जवानों से कहा - बवाल होने दो और देखते रहो दूर में खड़े होकर

Nilmani Pal
27 May 2026 7:27 AM IST
पुलिस अधिकारी का विवादित सुझाव, जवानों से कहा - बवाल होने दो और देखते रहो दूर में खड़े होकर
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। कानपुर देहात में तैनात सीओ संजय सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसके बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और जिम्मेदार अधिकारियों की भाषा को लेकर गंभीर बहस शुरू हो गई है. यह वीडियो एक पीस कमेटी बैठक के दौरान का बताया जा रहा है, जिसमें उन्होंने पुलिसकर्मियों को कुछ ऐसे निर्देश दिए, जिससे विवाद खड़ा हो गया.

वायरल वीडियो में सीओ संजय सिंह पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए यह कहते नजर आ रहे हैं कि “पब्लिक को जो बवाल करना है करने दो, पुलिस को वहां नहीं जाना चाहिए.” इसके अलावा वे यह भी कहते हुए सुने जा रहे हैं कि “दूर से खड़े होकर देखो, तभी लोग सुधरेंगे.” इस तरह के बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई यूजर्स ने इन टिप्पणियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी के विपरीत बताया है.

वीडियो में आगे CO द्वारा यह भी कहा गया यदि किसी प्रकार की स्थिति उत्पन्न होती है तो वे पुलिसकर्मियों को बचा लेंगे. इसके साथ ही उन्होंने एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए कथित रूप से “अमूल वाहन चालक मारपीट मामले” का उल्लेख किया और कहा कि उस दौरान उन्होंने संबंधित पक्ष को बचाया था और आगे भी ऐसी स्थिति में मदद करेंगे. इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक व्यवस्था की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग इस बयान को लेकर बहस कर रहे हैं कि क्या किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित है या नहीं? कुछ लोग इसे अनुशासन और कानून-व्यवस्था की भावना के खिलाफ बता रहे हैं.

Next Story