भारत

लिफ्ट लेकर कार सवार की हत्या, हमले में चालक की हालत नाजुक

Nilmani Pal
6 Aug 2025 7:03 AM IST
लिफ्ट लेकर कार सवार की हत्या, हमले में चालक की हालत नाजुक
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। मेरठ में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सरधना क्षेत्र में कावड़ पटरी मार्ग पर कपसाड़ गांव के पास मुजफ्फरनगर के एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक चालक के साथ कार से कहीं जा रहा था। चालक के हाथ में भी चाकू से वार किए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चालक ने पूछताछ में एक युवक पर लिफ्ट लेकर लूट करने व विरोध पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने की बात कही। पुलिस ने चालक को सीएचसी में भर्ती कराया।

मंगलवार रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली गंगनहर पटरी पर कपसाड़ गांव के पास एक कार में युवक का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की गर्दन, छाती व चेहरे पर चाकू के निशान थे। मौके पर कार चालक सावन उर्फ सागर पुत्र इतर सिंह निवासी गांव सिंबली थाना शाहपुर भी घायल अवस्था में मिला। उसे भी चाकू लगे हुए थे। सागर से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि मृतक मुजफ्फरनगर के बच्चन सिंह कॉलोनी निवासी अंसल उर्फ अंशुल पुत्र रामबीर है। जो ठेकेदारी करता था। मंगलवार को वो घर से अपनी कार में सवार होकर चालक सागर के साथ गाजियाबाद जा रहा था। सागर ने पुलिस को बताया रास्ते में एक व्यक्ति लिफ्ट लेकर उनकी कार में बैठा था। उसने चाकू के बल पर लूट का प्रयास किया। विरोध पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

विरोध किया तो उसको भी कई चाकू लगे। पुलिस ने सागर का सीएचसी में उपचार कराया। पुलिस लूट और रंजिशन हत्या दोनों बिंदु पर जांच कर रही है। इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है। जो कहानी वह बता रहा है उसमें झोल नजर आ रहा है। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।


Next Story
null