
x
नशीली गोली से सुलाने की कोशिश पड़ी भारी
Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना रतनपुरी क्षेत्र में मिले एक व्यक्ति के शव की जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया कि उसकी मौत के पीछे अवैध संबंधों से जुड़ी साजिश थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके बहनोई को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी मुजफ्फरनगर (ग्रामीण) अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि थाना रतनपुरी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक की पहचान राकिब के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि राकिब की पत्नी और उसके बहनोई के बीच कथित रूप से अवैध संबंध थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अपने रिश्ते में बाधा बन रहे राकिब को रास्ते से हटाने की साजिश रची।पुलिस अधिकारी ने बताया कि पत्नी ने राकिब को नशीली गोली देकर सुलाने का प्रयास किया था। लेकिन गोली की मात्रा अधिक होने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मामले की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि दोनों अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान मिले तथ्यों और सबूतों के आधार पर पूरी घटना का खुलासा किया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि रिश्तों में विश्वासघात और आपराधिक साजिश के इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी और बहनोई को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





