
x
मोदी-शी मुलाकात से गाला डिनर तक दिखी वैश्विक कूटनीति
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान दुनिया के कई प्रमुख नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक नेताओं और प्रतिनिधियों के सम्मान में भारत मंडपम में भव्य गाला डिनर का आयोजन किया, जिसमें इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के डायरेक्टर-जनरल टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस समेत कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हुईं।
गाला डिनर में शामिल होने के लिए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भारत मंडपम पहुंचे। वहीं कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव भी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आयोजित इस विशेष आयोजन में हिस्सा लेने पहुंचे। इस दौरान भारत ने अपनी संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य के जरिए वैश्विक नेताओं का स्वागत किया।
BRICS शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य देशों के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, विकासशील देशों की भूमिका और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। बैठक के दौरान शी जिनपिंग ने कहा कि बदलते अंतरराष्ट्रीय माहौल और बढ़ती चुनौतियों के बीच भारत और चीन जैसे बड़े देशों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को मानवता के भविष्य और अपने लोगों की भलाई को ध्यान में रखते हुए BRICS के भीतर उच्च गुणवत्ता वाले सहयोग को बढ़ावा देना चाहिए।
शी जिनपिंग ने समान और व्यवस्थित बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था तथा समावेशी आर्थिक वैश्वीकरण की वकालत की। उन्होंने कहा कि इससे दुनिया में शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। BRICS समिट के दौरान राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी एक साथ बस में बैठकर भारत मंडपम के लिए रवाना हुए, जहां वे गाला डिनर में शामिल हुए। यह आयोजन भारत की कूटनीतिक शक्ति और वैश्विक मंच पर बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। दिल्ली में आयोजित यह BRICS सम्मेलन वैश्विक नेताओं के बीच संवाद, सहयोग और नई साझेदारियों को मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
Next Story





