भारत

अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्त्व की भावना से आगे बढऩे का संदेश

Shantanu Roy
26 May 2026 2:13 PM IST
अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्त्व की भावना से आगे बढऩे का संदेश
x
Shilai. शिलाई। शिलाई कालेज में आयोजित एनसीसी कैंप का समापन समारोह बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्यातिथि के रूप में एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस चौहान और बीडीओ शिलाई उपस्थित रहे। लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस चौहान ने कैडेट्स को अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्त्व की भावना के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस चौहान द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। राजकीय महाविद्यालय शिलाई के कैडेट्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 10 मेडल अपने नाम किए। स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में सलोनी ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एसडब्ल्यू कबड्डी प्रतियोगिता में कप्तान नलिनी के नेतृत्त्व में
टीम विजेता रही।


एसडब्ल्यू फायरिंग में कौशल्या ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं एसडब्ल्यू टग ऑफ वॉर प्रतियोगिता में भी कालेज टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में तनिषा चौहान ने द्वितीय स्थान हासिल किया। एसडी फायरिंग में रोहित दूसरे स्थान पर रहे, जबकि पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कौशल्या ठाकुर उप-विजेता रही। गु्रप डांस प्रतियोगिता में कालेज टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त गु्रप सांग एवं ड्रिल प्रतियोगिता में टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य गोपाल भारद्वाज ने कैडेट्स की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्त्व क्षमता का विकास करती हैं। वहीं महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी एवं सहायक आचार्य रामलाल ठाकुर ने कैंप के सफल आयोजन तथा कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में नेतृत्त्व, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। कालेज प्रशासन एवं शिक्षकों ने सभी कैडेट्स को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान देशभक्ति, अनुशासन और टीम भावना का विशेष उत्साह देखने को मिला।
Next Story