कुंवारी प्रेमिका संग शादीशुदा युवक फंदे पर झूला, गांव भर में थी प्रेम-प्रसंग की चर्चा

यूपी। हरदोई जिले के कछौना क्षेत्र में तीन बच्चों के पिता ने अपनी अविवाहित प्रेमिका के साथ एक ही साड़ी से घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी लगते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि दो दिन पहले ही पंचायत में प्रेमी के साथ रहने की जिद कर प्रेमिका युवक के घर गई थी। जिसके बाद परिवार में विवाद हुआ था।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 33 वर्षीय युवक के तीन बच्चे थे। खेती किसानी और मजदूरी करने वाले इस युवक का अपनी बहन की ससुराल आना जाना था। इसी बीच उसकी एक अविवाहित युवती से नजदीकियां बढ़ गईं। इसकी भनक जब युवक की पत्नी व घरवालों को हुई तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। झगड़ा बढ़ने पर युवक की पत्नी मायके चली गई हालांकि कुछ दिनों पहले ही वह लौट आई।
ग्रामीणों के अनुसार दो दिन पहले ही युवक और उसकी अविवाहित प्रेमिका को परिजनों ने एक साथ देख लिया। इस पर घर में काफी हंगामा हुआ। 25 जून को गांव में पंचायत बुलाई गई। इसमें प्रेमिका ने प्रेमी युवक के साथ रहने की जिद पकड़ ली। प्रेमी ने भी हां में हां मिलाई और प्रेमिका व पत्नी को लेकर घर आ गया। 26 जून की शाम एक बार फिर से तनातनी हो गई। देररात प्रेमी और प्रेमिका ने घर पर ही कमरे में एक ही साड़ी से फांसी लगा जान दे दी। शनिवार सुबह घटना की जानकारी लगते ही कोहराम मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि अभी तक की जांच में आत्महत्या का मामले सामने आया है। घटना की जांच चल रही है।





