भारत

अली खड्ड किनारे होगा विशाल देव आभार यज्ञ

Shantanu Roy
8 March 2025 11:47 AM
अली खड्ड किनारे होगा विशाल देव आभार यज्ञ
x
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर और अर्की की सीमाओं पर हुए त्रिवेणीघाट ग्रामीण जल आंदोलन की सफलता पर क्षेत्र वासियों व प्रभावित पंचायत के चुने हुए जनप्रतिनिधियों के द्वारा विशाल देव आभार यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, यह आयोजन त्रिवेणी घाट में आगामी 16 मार्च को किया जाएगा। इस देव आभार यज्ञ में लोक आस्था के प्रतीक और कांगरी धार के आराध्य देव सत श्री बाडु बाड़ा जी अपने सैकड़ों देवलुओं सहित पधारेंगे और क्षेत्र वासियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगे। यह जानकारी देते हुए अली खड्ड संघर्ष समिति त्रिवेणी घाट के संयोजक एडवोकेट रजनीश शर्मा ने बताया कि त्रिवेणीघाट में अपनी खेती, घराट, बिलासपुर जिला की लगभग 35 से 40 पीने का पानी की योजनाओं को बचाने के लिए इस ग्रामीण जन आंदोलन में आसपास व जिला बिलासपुर की सभी प्रभावित पंचायतों के सभी जनप्रतिनिधियों व हजारों लोगों सहित भारी संख्या में मातृ शक्ति ने भाग लिया था और अंबुजा फैक्ट्री को ले जाए जा रहे अलीखड्ड के पानी को उद्योगपतियों को मुनाफा पहुंचाने व भविष्य में सिंचाई व पीने के पानी की किल्लत होने से बचा लिया था। रजनीश शर्मा ने बताया कि इस आंदोलन को कुचलने के कंपनी प्रबंधन द्वारा सभी प्रयास किए गए, लेकिन जनता के साथ जब देवता बाडु बाड़ा जी ने घटनास्थल त्रिवेणी घाट पर स्वयं पहुंचकर आशीर्वाद दिया था। इसके बाद यह मुद्दा शांत हुआ था और क्षेत्र के लोगों की इसमें जीत हुई थी और अंबुजा कंपनी प्रबंधन और सरकार को झुकना
पड़ा था।
संघर्ष समिति के संयोजक पंचायत प्रधान भूपचंद ने बताया कि इस देव आभार यज्ञ की प्रबंधन और स्वागत समिति में नम्होल पंचायत प्रधान जीवन लता ठाकुर को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि छकोह पंचायत की प्रधान लता चंदेल, धुणी पंजैल पंचायत प्रधान ममता धीमान, घ्याल पंचायत प्रधान शेर सिंह, घ्याल पंचायत उप प्रधान देशराज ठाकुर, सोलधा पंचायत प्रधान सुषमा शर्मा, साई खारसी पंचायत प्रधान जागृति शर्मा, जुखाला पंचायत प्रधान जगदीश ठाकुर, नोग पंचायत प्रधान संजय कुमार, बंदला पंचायत प्रधान सतीश ठाकुर व अन्य को विशेष सदस्य नामित किया गया है। व्यवस्था समिति के लिए अध्यक्ष गीता राम नड्डा, सुरेंद्र ठाकुर, कर्म सिंह ठाकुर, रवि ठाकुर, महेंद्र ठाकुर, कमलेश ठाकुर, पूर्व उप प्रधान नवगांव पंचायत नामित किया गया है। उन्होंने बिलासपुर और अर्की विधानसभा की आम जनता से भी आग्रह किया है कि वह सभी अपने परिवार सहित इस विशाल देव यज्ञ में शामिल होकर देवता का आशीर्वाद प्राप्त करें और पुण्य के भागीदार बनें। संघर्ष समिति ने सभी जनप्रतिनिधियों व आम जनता से भी विशाल आभार यज्ञ व पानी बचाओ अभियान को सफल बनाने के लिए आर्थिक और जन सहयोग प्रदान करने की अपील की है।
Next Story