भारत

बकरी चराने वाला किशोर सैंकड़ों यात्रियों के लिए बना देवदूत, बड़ा रेल हादसा होने से टला

Nil dhankar
20 Jun 2025 6:37 AM IST
बकरी चराने वाला किशोर सैंकड़ों यात्रियों के लिए बना देवदूत, बड़ा रेल हादसा होने से टला
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। नाबालिग सृजन मिश्रा की सतर्कता से गुरुवार शाम को बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। दरअसल, बकरी चराने गए सृजन को सफीपुर रेलवे स्टेशन के पास दबौली मोड़ पर ट्रैक धंसा नजर आया। इसके अलावा उसमें दरार भी थी। इसी बीच कानपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन भी सफीपुर स्टेशन से बढ़ चली थी। यह देख सृजन ने अपनी लाल रंग की टी-शर्ट उतारी और दौड़कर कुछ आगे पहुंचकर ट्रेन के सामने लहराने लगा। ट्रेन चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी। करीब एक घंटे की मरम्मत के बाद शाम 5:52 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। वहीं ट्रेन को रुकवाने वाले सृजन की चहुंओर तारीफ हो रही है।

दबौली गांव निवासी 16 वर्षीय सृजन ने बताया कि वह रेलवे लाइन के किनारे से गुजर रहा था। तभी उसकी नजर रेलवे पटरी पर पड़ी। पटरी के नीचे की मिट्टी और गिट्टी धंस चुकी थी। ट्रैक भी मामूली रूप से चटका हुआ था। उधर कानपुर-बालामऊ पैसेंजर (54336) सफीपुर स्टेशन से 16:55 बजे रवाना हो चुकी थी। किशोर ने खतरा भांपकर टी-शर्ट दिखा ट्रेन को सफीपुर-बिगामऊ के बीच रुकवा दिया। मुरादाबाद मंडल के डीआरएम राजकुमार ने बताया कि सूचना पर रेलवे का इंजीनियरिंग स्टाफ मौके पर पहुंचा और ट्रैक की मरम्मत कराकर ट्रेन को रवाना कराया।

ट्रेन में सफर कर रहे यात्री ऋतिक सिंह ने बताया कि अचानक ट्रेन रुकने से तेज झटका लगा। इससे वह सहम गया था। थोड़ी देर बाद चालक और गार्ड उतरकर नीचे देखने लगे। तब पता चला कि ट्रैक धंस गया है। कर्मचारियों के साथ मिलकर यात्रियों ने भी ट्रैक पर गिट्टी डलवाई।करीब एक घंटे बाद ट्रैन रवाना हो सकी।

Next Story
null