भारत

भारत की ईमानदारी देखकर खुश हुआ सिंगापुर का विदेशी नागरिक, देखें VIDEO...

Shantanu Roy
21 Nov 2026 3:28 PM IST
भारत की ईमानदारी देखकर खुश हुआ सिंगापुर का विदेशी नागरिक, देखें VIDEO...
x
बड़ी खबर
Varanasi. वाराणसी। भारतीय रेलवे के कर्मचारियों ने ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटे सिंगापुर के एक नागरिक के कीमती बैग को सुरक्षित वापस लौटा दिया। बैग में भारतीय मुद्रा के 2 लाख 11 हजार 650 रुपये के अलावा अमेरिकी डॉलर, श्रीलंकाई मुद्रा और सिंगापुर डॉलर भी रखे हुए थे। रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की तत्परता से विदेशी नागरिक को उनकी पूरी रकम वापस मिल गई। अपना सामान सुरक्षित पाकर पर्यटक ने रेलवे कर्मचारियों का आभार जताया। जानकारी के अनुसार, 20
नवंबर
को ट्रेन नंबर 22416 नई दिल्ली-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस में सिंगापुर के नागरिक लिम वेंग शांग का काले रंग का बैग छूट गया था। ट्रेन रात करीब 11 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंची। यात्रियों के उतरने के बाद जब ट्रेन को मेंटेनेंस के लिए यार्ड में ले जाया जा रहा था, तब सफाई के दौरान एक रेल कर्मचारी की नजर सीट के पास रखे काले बैग पर पड़ी।

रेल कर्मचारी ने दिखाई ईमानदारी
बैग मिलने के बाद कर्मचारी ने बिना देरी किए इसकी सूचना निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षा बलों को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और बैग को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आए। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए बैग खोला गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और अंदर रखी नकदी तथा विदेशी मुद्रा की गिनती की गई। गिनती के दौरान बैग में भारतीय मुद्रा के 2 लाख 11 हजार 650 रुपये, 1000 अमेरिकी डॉलर, 1 लाख 22 हजार श्रीलंकाई रुपये और 66 सिंगापुर डॉलर मिले। पूरी रकम और विदेशी मुद्रा को सूचीबद्ध करने के बाद बैग को सुरक्षित तरीके से सील कर दिया गया।


पहचान और CCTV जांच के बाद लौटाया बैग
स्टेशन मास्टर अर्पित गुप्ता के अनुसार, अगली सुबह बैग के असली मालिक लिम वेंग शांग अपने स्थानीय टूरिस्ट गाइड के साथ कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बैग पर अपना दावा प्रस्तुत किया और अपनी पहचान का सत्यापन कराया। इस दौरान उनका बयान भी रिकॉर्ड किया गया। रेलवे अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और उपलब्ध जानकारी का मिलान किया। पहचान तथा अन्य तथ्यों का सत्यापन पूरा होने के बाद भारतीय मुद्रा और विदेशी करेंसी सहित पूरा बैग लिम वेंग शांग को सम्मानपूर्वक लौटा दिया गया। स्टेशन मास्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि इस मामले में ईमानदारी और तत्परता दिखाने वाले रेल कर्मचारियों को पुरस्कृत करने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा।

बौद्ध तीर्थ यात्रा पर भारत आए हैं लिम वेंग शांग
अपना बैग और पूरी रकम वापस मिलने पर सिंगापुर के नागरिक लिम वेंग शांग काफी खुश नजर आए। उन्होंने बताया कि वह महायान लामन हैं और भारत में बौद्ध तीर्थ यात्रा के लिए आए हुए हैं। ट्रेन में बैग छूटने का पता चलने पर उन्होंने मदद मांगी, जिसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनका सामान सुरक्षित रेलवे के पास है। उन्होंने बताया कि बैग में रखी रकम उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस पैसे की मदद से वह भारत में कई बौद्ध कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकेंगे। पूरी रकम सुरक्षित वापस मिलने पर उन्होंने रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को धन्यवाद दिया। लिम वेंग शांग ने सभी के लिए भगवान बुद्ध से आशीर्वाद की कामना करते हुए कहा कि सभी लोग खुश और स्वस्थ रहें। रेलवे कर्मचारियों की इस ईमानदारी ने विदेशी पर्यटक के मन में भारत और भारतीय रेलवे के प्रति विश्वास को और मजबूत किया।
Next Story