भारत

देवठी पंचायत के शतल गांव के पास जंगल में भडक़ी आग

Shantanu Roy
22 May 2026 4:31 PM IST
देवठी पंचायत के शतल गांव के पास जंगल में भडक़ी आग
x
सोलन। गर्मी बढऩे के साथ ही अब जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। धूं-धूं करते जंगलों से जहां बहुमूल्य वन संपदा और जीव-जंतु नष्ट हो रहे हैं, वहीं आसपास के क्षेत्रों में धुंए और आग की गर्मी से लोगों का जीना दुश्वार होता जा रहा है। इतना ही नहीं जलते हुए इन जंगलों से गांवों को भी खतरा बनता जा रहा है। कुछ ऐसा ही गुरुवार को सोलन-सुबाथू मार्ग पर देवठी पंचायत के शतल गांव के जंगलों में भी देखने को मिला है। बुधवार रात को अचानक इस जंगल में आग लग गई, जिससे चीड़ के पेड़ों से भरे इस क्षेत्र में आग तेजी से भडक़ गई और काफी सारे क्षेत्र को अपने आगोश में ले लिया। इस जंगल के साथ ही बसे गांव शतल के लोगों को जब इस संबंध में पता चला तो उन्होंने अपने स्तर पर आग को बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन अधिकांश क्षेत्र को बचा पाने में वह
कामयाब नहीं हो पाए।


सुबह होते-होते आग तो काफी हद तक बुझ गई, लेकिन चारों ओर धुंआ ही धुंआ हो गया। धुंआ इतना ज्यादा था कि इसे कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था। गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कई बार शरारती तत्व जानबूझकर जंगलों में आग लगा देते हैं, जबकि कुछ लोग बीड़ी-सिगरेट बिना बुझाए फेंक देते हैं, जिससे सूखे जंगलों में आग भडक़ उठती है। गर्मी के मौसम में जंगलों में लगने वाली आग से वन संपदा और वन्य जीवों को भारी नुकसान पहुंचता है। कई बार आग रिहायशी इलाकों तक पहुंचकर लोगों की जान-माल के लिए भी खतरा बन जाती है। वन विभाग और प्रशासन लोगों को लगातार जागरूक कर रहे हैं। ग्रामीणों को जंगलों की निगरानी और आग लगने पर तुरंत सूचना देने के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है, लेकिन इसके बावजूद आग की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं।
Next Story