भारत

काठा की कंपनी में रात को लगी थी आग, 50 लाख का नुकसान

Shantanu Roy
22 May 2026 4:10 PM IST
काठा की कंपनी में रात को लगी थी आग, 50 लाख का नुकसान
x
BBN. बीबीएन। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के काठा स्थित एक पंखा निर्माता उद्योग में बुधवार रात लगी भीषण आग पर करीब 17 घंटे बाद काबू पाया जा सका। आग कंपनी के पैकिंग सेक्शन में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना में करीब 50 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है, जबकि दमकल विभाग ने समय रहते कार्रवाई कर लगभग पांच करोड़ रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया। देर रात फायर स्टेशन को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पैकिंग सेक्शन में भारी मात्रा में रखा पैकिंग मटेरियल और अन्य ज्वलनशील सामान आग फैलने का मुख्य कारण बना। कुछ ही देर में आग ने पूरे सेक्शन को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची लपटें व धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे।


आग की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग की छह गाडय़िां और 21 दमकल कर्मियों को राहत कार्य में लगाया गया। हालात बिगडऩे पर आसपास के उद्योगों से भी फायर टेंडर बुलाने पड़े। दमकल कर्मियों ने पूरी रात राहत अभियान चलाया, लेकिन अंदर सुलग रहे सामान के कारण गुरुवार दिनभर कई स्थानों से धुआं उठता रहा। लगातार कूलिंग ऑपरेशन के बाद गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना के दौरान आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। एहतियात के तौर पर कंपनी परिसर खाली करवा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी कर्मचारी घायल नहीं हुआ। कमांडेंट होमगार्ड संतोष कुमार ने बताया कि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को अन्य हिस्सों और आसपास की इकाइयों तक फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है।
Next Story