
आंध्रप्रदेश। एक महिला के साथ चाकू की नोक पर रेप किया गया। यह घटना प्रदेश के पलांडू जिला स्थित मछेरला कस्बे की है। महिला की उम्र 30 साल बताई गई है। शुरुआती जांच के मुताबिक वह एक सरकारी कर्मचारी है। गुरुवार दोपहर वह अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान, करीब 3.30 से 4 बजे के बीच एक अनजान शख्स उसके घर में घुसा। बताया जाता है कि उसने पहले पीने के लिए पानी मांगा। पुलिस के मुताबिक जब महिला पानी लेने गई तो पीछे से उसने महिला को उसके ही स्कार्फ से बांध दिया।
पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी हमलावर ने महिला को पहले तो चाकू से डराया। इसके बाद उसने उसके हाथ बांध दिए और उसका शोषण किया। इतना ही नहीं, घटनास्थल से फरार होने से पहले उसने महिला को और ज्यादा प्रताड़ित किया। पुलिस के मुताबिक घटना का पता उस वक्त जब रिश्तेदार उस महिला से संपर्क नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद उन लोगों ने पड़ोसियों से महिला के घर जाने जाकर पता लगाने के लिए कहा। पड़ोसी जब महिला के घर पहुंचे तो पता चला कि वह बेहोश है।
इसके बाद पीड़िता को आनन-फानन में मछेरला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें विशेष इलाज के लिए नरसाराओपेटा इलाके के अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया महिला की हालत फिलहाल स्थिर है। अभी उसे निगरानी में रखा गया है। शुक्रवार को जांच टीम पीड़िता के घर पहुंची और घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लिया। इसके अलावा अन्य सबूत भी जुटाए गए। इसके अलावा स्पेशल टीम तैयार की गई है। संदिग्ध की पहचान के लिए कॉल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की एनालिसिस की जा रही है। पलांडू के एसपी, पीके श्रीनिवास राव ने बताया कि हमारे पास कुछ अहम क्लू हैं। हमारी टीमें लगातार काम कर रही हैं। पीड़िता स्थिर है और उसका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि हम बहुत जल्द आरोपी की पहचान कर लेंगे। साथ ही उन्होंने कड़ी कार्रवाई की भी बात की। पुलिस ने इस मामले में लोगों ने गुहार लगाई है कि वह किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। साथ ही यह भी कहा गया है कि अगर किसी को कुछ पता चलता है तो सामने आए और जांच में मदद करे।





