
वायरल न्यूज़। Longhui County में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक ग्रामीण व्यक्ति को बत्तख के पेट के अंदर से करीब 1.6 लाख रुपये का सोना मिला. यह घटना फरवरी महीने की बताई जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार, गांव में रहने वाले लियू नाम के व्यक्ति ने जब अपने घर की बत्तख को काटा, तो उसे उसके पेट में कई छोटे-छोटे चमकीले कण दिखाई दिए. शुरुआत में उसे समझ नहीं आया कि ये क्या है. उसने उन टुकड़ों को जलाकर चेक करने की कोशिश की. बाद में पता चला कि वे टुकड़े असली सोने के कण थे. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इन सोने के कणों का कुल वजन लगभग 10 ग्राम था. चीन की मुद्रा में इसकी कीमत करीब 12,000 युआन बताई गई, जो भारतीय रुपये में लगभग 1.6 लाख रुपये के बराबर होती है. लियू का कहना है कि संभव है कि बत्तख ने खाना खोजते समय सोने के कण निगल लिए हों. उनके परिवार में बत्तखें खुले में पाली जाती हैं और वे अक्सर नदी के किनारे जाकर मिट्टी और कीचड़ में खाना ढूंढती हैं. गांव के पास बहने वाली Chishui River पहले सोने के लिए जानी जाती थी. माना जा रहा है कि नदी की मिट्टी में अभी भी सोने के छोटे-छोटे कण मौजूद हो सकते हैं. बत्तख ने शायद वहीं से इन्हें निगल लिया होगा.
लियू ने बताया कि उनके इलाके में ऐसी घटनाएं बहुत आम नहीं हैं, लेकिन पूरी तरह नई भी नहीं हैं. गांव के कुछ लोगों को पहले भी बत्तखों में छोटे-मोटे सोने के कण मिले हैं. हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलना काफी दुर्लभ माना जा रहा है. विशेषज्ञों के मुताबिक सोना शरीर में पचता नहीं है. यह आमतौर पर बिना नुकसान पहुंचाए डाइजेस्टिव सिस्टम से गुजर जाता है. लेकिन अगर सोने के बड़े टुकड़े हों या उनमें अशुद्धियां हों, तो इससे आंतों में रुकावट या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. हालांकि कुछ लोगों ने इस घटना पर शक भी जताया है. इसके बाद स्थानीय प्रशासन यानी LongHui County Natural Resources Bureau ने कहा कि यह पुष्टि करने के लिए कि कण वास्तव में सोना हैं या नहीं, किसी पेशेवर संस्था से जांच करानी जरूरी होगी. अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस इलाके में पहले भी सोना पाया जा चुका है. पिछले साल भी कुछ ग्रामीणों ने इसी नदी की रेत धोते समय 10 ग्राम से ज्यादा सोना इकट्ठा किया था.
स्थानीय लोगों के अनुसार, 1970 से 1990 के दशक के बीच यह नदी सोने की खोज के लिए काफी प्रसिद्ध थी. उस समय कई लोग यहां सोने की तलाश में आते थे और इलाके में एक तरह की “गोल्ड रश” जैसी स्थिति बन गई थी. बाद में सरकार ने यहां निजी सोने की खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया. चीन के कानून के अनुसार जमीन के नीचे मिलने वाले सभी खनिज संसाधन सरकार की संपत्ति माने जाते हैं. इसलिए बत्तख के पेट में मिले सोने का असली मालिक कौन होगा, यह तय करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है.
इतिहास में भी ऐसी घटनाओं का जिक्र मिलता है. Tang Dynasty के समय कुछ किसान बत्तखों और हंसों के मल से सोने के छोटे कण इकट्ठा करते थे. माना जाता था कि पक्षी नदी या मिट्टी से सोना निगल लेते हैं और बाद में वह उनके शरीर से बाहर निकल जाता है. इस वजह से चीन की यह ताजा घटना लोगों के लिए हैरानी के साथ-साथ इतिहास की एक दिलचस्प याद भी बन गई है.





