आगे दर्जनभर ऑटो और पीछे लाइन में थी बस, इस बीच i20 कार में हुआ विस्फोट, दिल्ली बम ब्लास्ट का नया वीडियो आया सामने

दिल्ली। लाल किला धमाके का एक नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे मामले की भयावहता को और स्पष्ट कर दिया है. इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि जिस i20 कार में धमाका हुआ था, वह उस समय घने ट्रैफिक के बीच चल रही थी. अचानक जोरदार धमाका होता है, भारी आग की लपटें उठती हैं और आसपास की गाड़ियों के परखच्चे उड़ जाते हैं.
वीडियो में देखा जा सकता है कि धमाके के कुछ ही सेकंड बाद लोग घबराकर गाड़ियों से बाहर निकलकर भागने लगते हैं. कई वाहनों के एयरबैग खुलते हैं, वहीं कुछ बाइक सवार संतुलन खोकर गिर पड़ते हैं. धमाके के तुरंत बाद आसमान में आग की लपटें और धुआं फैलता दिखाई देता है. हर तरफ चीख-पुकार मच जाती है. सूत्रों के मुताबिक, यह अब तक का सबसे क्लोज-एंगल CCTV फुटेज है, जो धमाके के वास्तविक इम्पैक्ट को दिखाता है. जांच एजेंसियां अब इस फुटेज की फॉरेंसिक एन्हांसमेंट करवा रही हैं, ताकि धमाके की सटीक जानकारी जुटाई जा सके.
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जांच एजेंसियों के साथ हाई-लेवल मीटिंग की थी और निर्देश दिए थे कि जांच पूरी पेशेवर तरीके से और तेज़ी से की जाए. बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने इस धमाके को जघन्य आतंकी हमला (heinous terror incident) करार दिया. कैबिनेट ने कहा कि देश में आतंकवाद के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी. बैठक में दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई.
लाल क़िला ब्लास्ट के समय का सीसीटीवी वीडियो वायरल pic.twitter.com/h2K0lwq0EO
— Pappu Farishta Journalist by birth (@pappu_farishta) November 13, 2025





