भारत

योग कर रहे लोगों के पास कुत्ते ने किया पेशाब, जमकर हुई मारपीट

Nilmani Pal
7 March 2026 7:41 AM IST
योग कर रहे लोगों के पास कुत्ते ने किया पेशाब, जमकर हुई मारपीट
x
वीडियो

बेंगलुरु। वार्थुर की हाई-राइज सोसायटी में पालतू कुत्ते को वॉक कराने को लेकर शुरू हुई बहस मिनटों में धक्का‑मुक्की और लात‑घूंसों तक पहुंच गई. पहले कुछ तीखी बहसें हुईं, फिर हाथापाई शुरू हो गई और देखते‑देखते पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया. एक तरफ वॉकिंग‑एंड‑एक्सरसाइज जोन में मौजूद बुजुर्ग, दूसरी तरफ कुत्ते को लेकर पहुंचे निवासी तरुण अरोड़ा. दोनों के बीच की हाथापाई ने चंद पलों में सोसायटी की शाम को हंगामे में बदल दिया. हड़बड़ी में लोग जुटे, बीच‑बचाव की कोशिशें हुईं, मगर तब तक मुक्के‑घूंसे चल चुके थे और मामला थाने तक पहंच गया. अब पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की पड़ताल कर रही है.

यह मामला ब्रिगेड यूटोपिया ईस्ट एंटोपिया अपार्टमेंट का है, जहां निवासी तरुण अरोड़ा अपने पालतू कुत्ते को टहलाने बाहर आए थे. शिकायत के अनुसार, अपार्टमेंट परिसर में बुजुर्गों के लिए एक अलग से वॉकिंग और एक्सरसाइज जोन निर्धारित है. आरोप है कि तरुण अरोड़ा अपना कुत्ता उसी क्षेत्र के पास ले आए, जिसके बाद वहां मौजूद बुजुर्गों ने उनसे कुत्ते को उस हिस्से में लाने और पास ही कुत्ते के पेशाब करने पर आपत्ति जताई. इसी बात पर बहस शुरू हुई और विवाद बढ़ गया.

यह बहस कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. तरुण अरोड़ा का आरोप है कि सात से आठ बुजुर्ग उन पर टूट पड़े, उन्हें लातों और हाथों से मारा. इस दौरान वहां मौजूद एक महिला ने बीच‑बचाव करते हुए विवाद को और आगे बढ़ने से रोक दिया. घटना के बाद तरुण अरोड़ा ने वार्थुर पुलिस स्टेशन में हमले की शिकायत दर्ज कराई है. लेकिन मामला यहीं नहीं रुका, बुजुर्गों के ग्रुप की एक महिला ने भी तरुण अरोड़ा के खिलाफ काउंटर-शिकायत दायर की है.


Next Story
null