श्याम नगर में स्कूल में मिली लाश, चौकीदार की बेरहमी से हत्या

कानपुर। श्याम नगर में एक साल से बंद पड़े मैरी जीसस हायर सेकेंड्री स्कूल में चौकीदार की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी मच गई। प्रेयर रूम में बॉडी का एक हिस्सा चारपाई पर था, जबकि सिर धड़ से अलग फर्श पर पड़ा था। चौकीदार की मौत पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। शव कई दिन पुराना होने के चलते पूरी तरह से डिकंपोज हो चुका था।
गोविंदनगर 11 ब्लॉक निवासी 60 वर्षीय राम प्रसाद के परिवार में पत्नी शांति देवी, दो बेटे आशीष रावत, अंकित और दो शादीशुदा बेटियां ज्योति व दीपा हैं। बेटे आशीष ने बताया कि पिता कुछ महीनों से काम न होने पर घर में ही रहते थे। बर्रा-आठ निवासी गंगा सेंगर के माध्यम से राम प्रसाद को भवानी नगर स्थित मैरी जीसस स्कूल में चौकीदार की नौकरी मिल गई। एक जुलाई से वह कभी-कदार घर भी आए। बुधवार सुबह स्कूल के पास रहने पड़ोस में रहने वाले केयरटेकर अमित सिंह ने राम प्रसाद का सिर कटा शव देख पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
पुलिस फोर्स मेनगेट का ताला अंदर से तोड़ स्कूल के अंदर दाखिल हुई, जहां प्रेयर रूम में रामप्रसाद का शव चारपाई पर था, जबकि सिर धड़ से अलग फर्श पर मिला। चकेरी इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के साथ डीएनए जांच कराई जाएगी। स्कूल किसका है, इसकी जांच की जा रही है। आशंका है कि, शव से सिर लटक जाने के कारण अलग हो गया हो। केयरटेकर अमित सिंह ने बताया कि चौकीदार राम प्रसाद से आखिरी बार 28 जुलाई को मुलाकात हुई थी। आठ अगस्त को वह खर्चा देने के लिए आए थे लेकिन दरवाजा नहीं खुला। बुधवार सुबह दरवाजा ने खुलने पर स्कूल की बाउंड्री फांदकर अंदर पहुंचे तो रामप्रसाद की सिर कटी लाश चारपाई पर पड़ी थी।
स्कूल के मेनगेट पर अंदर से ताला लगा था। जबकि जिस प्रेयर रूम में चौकीदार का शव मिला उसका दरवाजा खुला था। इन सब पहलुओं को ध्यान में रख पत्नी शांती देवी ने स्कूल की दीवार फांदने के बाद पति की हत्या करने की आशंका जताई है। वहीं उन्होंने केयरटेकर समेत अन्य लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।





