सड़क में बेरहमी से मर्डर, राहगीर देखते रहे कार चालक की दबंगई, कहरते हुए युवक ने तोड़ा दम

लखनऊ। कृष्णानगर में मानवता को शर्मसार करने और दबंगई की एक और घटना सामने आई है, जिसने रोंगटे खड़े कर दिए। यहां एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक युवक को टक्कर मारी और फिर उसे बोनट पर लादकर करीब एक किलोमीटर तक दौड़ाया। अंत में जब युवक सड़क पर गिरा, तो बेरहम चालक उसे कुचलते हुए फरार हो गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में युवक की मौत हो गई।
घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे की है। मूल रूप से बदायूं के निजामपुर निवासी विमल पाल (35) लखनऊ के बरिगवां में किराए पर रहकर एलडीए कॉलोनी स्थित पराग डेयरी के पास लाई-चना का ठेला लगाते थे। रात के समय जब वे अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी कानपुर रोड पर पीछे से आई एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विमल उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुद को बचाने के लिए विमल ने कार के वाइपर को मजबूती से पकड़ लिया। वे चीखते रहे, गुहार लगाते रहे, लेकिन कार सवार का दिल नहीं पसीजा।
कार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। विमल बोनट पर लटके रहे और चालक उन्हें पराग चौराहे से लेकर लॉ कॉलेज तक करीब एक किलोमीटर तक इसी तरह घसीटता रहा। सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों ने शोर मचाया, कार को रुकवाने की कोशिश की, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।
लॉ कॉलेज के पास अचानक कार अनियंत्रित हुई और झटके के कारण विमल का हाथ वाइपर से छूट गया। जैसे ही वे सड़क पर गिरे, कार सवार उन्हें अपनी गाड़ी के पहियों तले कुचलते हुए मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विमल को लोकबंधु अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उन्हें केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।





