भारत

ट्रेन के सामने कूदकर लड़की-लड़के ने किया सुसाइड, परिजन नहीं पहुंचे लाश लेने

Nil dhankar
2 April 2026 7:53 AM IST
ट्रेन के सामने कूदकर लड़की-लड़के ने किया सुसाइड, परिजन नहीं पहुंचे लाश लेने
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। गोरखपुर में गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर नईकोट रेलवे स्टेशन के समीप करीब दो सौ मीटर दूर महुआरी गांव के पास बुधवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस के सामने आने से एक किशोर व किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। दो नाबालिग की मौत की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों की पहचान हो चुकी है। दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस के मुताबिक मृतक किशोर व किशोरी की पहचान हो चुकी है। किशोर एक इंटर कॉलेज का कक्षा 10 का छात्र बताया जा रहा है। आसपास के लोग दबी जुबान में किशोरी की पहचान का दावा कर रहे हैं, पर लड़की के परिजन मौके पर नहीं पहुंचे। दोनों के घर के बीच पांच-छह किमी का फासला बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों काफी देर से रेलवे ट्रैक के पास खड़े थे और ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही नौतनवा से गोरखपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस मौके पर पहुंची, दोनों अचानक ट्रेन के सामने आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। रोना-बिलखना शुरू कर दिए। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। किशोर की पहचान हो चुकी है, जबकि किशोरी के पहचान की पुष्टि कराने की कोशिश की जा रही है। घटना के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लिंक सीओ नौतनवा, अनिरूद्ध कुमार ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक किशोर व एक किशोरी की मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। किशोरी की पहचान के लिए प्रयास जारी है। पहचान व जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत से जुड़ी जानकारी मिलेगी।

Next Story