
x
कानपुर कारोबारी हत्याकांड में बड़ा खुलासा
Kanpur कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मनोचा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी की हत्या की साजिश घर के अंदर से ही रची गई थी। आरोप है कि मृतक की बहू शालू ने पुराने नौकर विशाल गौतम को 6 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई। पुलिस जांच के अनुसार, 63 वर्षीय विनीत मनोचा की हत्या कल्याणपुर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में हुई थी। शुरुआती जांच में पुलिस को मामला रहस्यमय लगा, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
पुलिस का दावा है कि शालू अपने ससुर से नाराज थी। आरोप है कि विनीत उसकी गतिविधियों पर नजर रखते थे और घर में लगे कैमरों के जरिए निगरानी करते थे। इसके अलावा खर्च और देर रात बाहर जाने को लेकर भी दोनों के बीच विवाद रहता था। इसी तनाव के चलते हत्या की साजिश रचने की बात सामने आई है। जांच में सामने आया कि वारदात वाली रात शालू ने पुराने नौकर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को घर पहुंचने में मदद की। पुलिस के अनुसार, विशाल को फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी दी गई थी और मैसेज के जरिए बताया गया था कि घर खाली है।
आरोप है कि दोनों आरोपी फ्लैट में छिपकर कारोबारी के लौटने का इंतजार कर रहे थे। उनके लौटने के बाद हमला किया गया, जिसमें पुलिस के मुताबिक विशाल ने चाकू से कई वार किए। इस हमले में कारोबारी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद घर में शव मिलने पर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। जांच में हत्या वाली रात शालू और विशाल के बीच कई बार बातचीत होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने शालू, विशाल और राजकिशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस कारोबारी के बेटे की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Next Story





