भारत

हिमाचल में 99 सडक़ें, 63 ट्रांसफार्मर ठप

Shantanu Roy
25 July 2026 3:13 PM IST
हिमाचल में 99 सडक़ें, 63 ट्रांसफार्मर ठप
x
Shimla. शिमला। बारिश और भू-स्खलन से बंद पड़ी 251 सडक़ों में से 99 सडक़ों पर शुक्रवार शाम तक यातायात बहाल नहीं हो पाया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 63 ट्रांसफार्मर भी बंद पड़े हुए है। प्रदेश में ठप पड़ी पानी की स्कीमों का आंकड़ा भी शुक्रवार शाम तक 179 रह गया है। स्टेट एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार सुबह प्रदेश भर में 126 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हुए थे, जिनकी बहाली को लेकर बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने युद्ध स्तर पर अभियान चलाया और शाम छह बजे तक 63 में आपूर्ति को बहाल कर दिया है, जबकि शेष पर कार्य चल रहा है। बंद पड़े ट्रांसफार्मर में लाहुल -स्पीति में सबसे अधिक 44, जबकि शिमला में दस, चंबा में आठ और कांगड़ा जिला का एक
इसमें शामिल है।

रिपोर्ट के तहत शुक्रवार सुबह के वक्त तक कुल 332 पेयजल स्कीमें बारिश के कारण हुए नुकसान की बजह से ठप पड़ी थी। जलशक्ति विभाग ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए 153 स्कीमों को शाम तक बहाल कर आपूर्ति को सुचारू कर दिया है, जबकि अब प्रदेश में शुक्रवार शाम तक ठप पड़ी पेयजल स्कीमों का आंकड़ा 179 रह गया है। इनमें जिला चंबा की सबसे अधिक 90 स्कीमें शामिल है, जबकि जिला कांगड़ा 47, शिमला 26, बिलासपुर दस और हमीरपुर की छह पेयजल स्कीमों को बहाल करना अभी बाकी रह गया है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के तहत शुक्रवार को प्रदेश भर में कुल 251 सडक़ों पर वाहनों की आवाजाही थमी थी। इनमें से 152 सडक़ों को देर शाम तक यातायात के लिए बहाल कर दिया है, जबकि अब प्रदेश में 99 सडक़ें बंद है। लोक निर्माण विभाग ने 56 सडक़ों को शनिवार के दिन खोलने का अब लक्ष्य निर्धारित किया है।
Next Story