
बिहार। बगहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी, लूट और डकैती की कई घटनाओं में शामिल एक संगठित अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, नकदी, लूटे गए मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.
पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि भैरोगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरहा नदी किनारे स्थित एक आम के बगीचे में कुछ संदिग्ध लोग बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और बगीचे की घेराबंदी कर छापेमारी की गई. पुलिस को देखते ही सभी संदिग्ध भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा, एक धारदार चाकू, 11,740 रुपये नकद, लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन और हाल की लूट की घटनाओं में छीने गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए. पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का संचालन तनवीर खान करता था. वह अपने साथियों के साथ सुनसान स्थानों पर बैठक कर लूट और डकैती की योजना बनाता था. पुलिस के अनुसार लूटे गए सामान को मुराद अली और कुनेन अंसारी के माध्यम से झुंझुन उर्फ जूना तक पहुंचाया जाता था. जहां उसे बेचकर नकदी हासिल की जाती थी. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनवीर खान, गुड्डू अंसारी उर्फ इफ्तेखार, नबी आलम, मुराद अली, कलाम आलम, सरफराज आलम, कुनेन अंसारी, झुंझुन उर्फ जूना और बिट्टू जायसवाल के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गृहभेदन, चोरी और लूट जैसे गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है. इस विशेष टीम का नेतृत्व रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी और बगहा एसडीपीओ निहार भूषण कर रहे थे.





