भारत

Agriculture विश्वविद्यालय में अगले साल 85 रिटायर

Shantanu Roy
1 Aug 2024 10:28 AM GMT
Agriculture विश्वविद्यालय में अगले साल 85 रिटायर
x
Palampur. पालमपुर। प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के शिक्षकों व गैर शिक्षकों की सेवानिवृत्ति से लगातार कम होते जा रहे कुनबे में अगले साल 85 नाम और जुड़ जाएंगे। प्रदेश कृषि विवि से 2025 में 12 शिक्षक व 73 गैर शिक्षक कर्मचारी रिटायर होंगे। इस समय कृषि विवि में 223 शिक्षक व 735 गैर शिक्षक कर्मचारी सेवारत हैं, जिनमें से चार 31 जुलाई को रिटायर होने जा रहे हैं। प्रदेश कृषि विवि में मौजूदा समय में दो हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जबकि शिक्षकों का आंकड़ा लगातार कम होता जा रहा है। कृषि विवि में बीते वर्षों के दौरान औसतन दस शिक्षक रिटायर होते रहे हैं, जबकि 2024 के आने वाले छह माह में पांच और 2025 में 12 शिक्षक सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि 2011 में 17, 2012 में 12, 2013 में दस और 2014 में 9, 2015 में दस, 2016 में 13, 2017 में 13, 2018 में 9, 2019 में 13, 2020 में आठ शिक्षक और 2021 में आठ
वैज्ञानिक रिटायर हुए थे।

गैर शिक्षक वर्ग में 2011 में 50, 2012 में 54, 2013 में 74, 2014 में 88, 2015 में 74, 2016 में 77, 2017 में 65, 2018 में 72, 2019 में 73, 2020 में 64 और 2021 में 60 गैर शिक्षक कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए थे। कृषि विवि के तहत चलाए जा रहे कृषि महाविद्यालय में 13, पशु विज्ञान महाविद्यालय में 18, कम्युनिटी साइंस कालेज में पांच और होमसाइंस कालेज में चार विभाग हैं। इन कालेजों में स्नातक स्तर के सात, स्नातकोत्तर स्तर के 26 और पीएचडी के 15 कार्यक्रम उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। अब तक 9589 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर चुके हैं। आईसीएआर के नियमानुसार यहां पर छात्र संख्या के आधार पर शिक्षकों की संख्या 350 होनी चाहिए। कृषि विवि के शिक्षक वर्ग पर इस समय काम का कितना बोझ है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां पर इस समय 225 से भी कम शिक्षक ही तैनात हैं। प्रदेश कृषि विवि में बतौर कार्यवाहक कुलपति सेवाएं दे रहे डा. डीके वत्स 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गए हैं। अभी कृषि विवि में नियमित कुलपति की तैनाती की संभावना नहीं दिख रही है। अब कृषि विवि के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. नवीन कुमार को कार्यवाहक कुलपति का पदभार सौंपा गया है।
Next Story