8 बीजेपी नेता गिरफ्तार, सरेआम फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप

यूपी | अलीगढ़ में 12 मार्च को BJP युवा मोर्चा के 2 गुटों में वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग की Live Video अब सामने आई है। दोनों गुट खुलेआम सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं। इसमें कुल 3 लोगों को गोली लगी थी। मामले में 8 आरोपी जेल जा चुके हैं। https://t.co/dq9EMNLIyF pic.twitter.com/cgfeVOp1L7
— Sachin Gupta (@Sachingupta) March 19, 2026
दो गुटों में लंबे समय से चली आ रही टशनबाजी पिछले गुरुवार की रात यानी 12 मार्च को बड़ा रूप ले लिया था। इसमें पहले एक गुट ने दूसरे गुट के युवक को पीट दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। जिन तीन लोगों को गोली लगी उसमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। इस दौरान पथराव भी किया गया। वीडियो सामने आने के बाद भाजयुमो नेता हर्षद हिंदू की हिस्ट्रीशीट भी खोल दी गई है। पुलिस के अनुसार यह विवाद बन्नादेवी क्षेत्र के सराय हकीम निवासी हर्षद हिंदू व सासनीगेट क्षेत्र के रहने वाले शशांक पंडित के गुटों के बीच हुआ था। कई माह से दोनों के बीच किसी न किसी बात पर वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। बुधवार को हर्षद ने सोशल मीडिया पर एक गाने का स्टेटस लगाया था। इस पर दूसरे गुट के मोहित शर्मा ने ये कहते हुए आपत्ति जताई कि स्टेटस उसके लिए लगाया गया है। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई।
मोहित ने हर्षद से फोन पर गालीगलौज कर दी। इसे लेकर हर्षद व उसके साथियों ने मोहित की तलाश शुरू कर दी। अन्य साथियों ने हस्तक्षेप किया तो मोहित माफी मांगने पर राजी हो गया। लेकिन, हर्षद गुट ने उसे सामने आकर बात करने के लिए बुलाया। वहां मोहित ने माफी मांगी। लेकिन, हर्षद गुट के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसकी जानकारी शशांक गुट को हुई तो कुछ ही देर बाद वह अपने कई साथियों को लेकर सराय हकीम में पुलिया के पास पहुंच गए। वहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले शशांक गुट की ओर से फायरिंग की गई। बाद में दूसरे पक्ष ने भी गोलियां चलाईं। इसमें हर्षद गुट के शानू, शशांक गुट के आयुष शर्मा के अलावा सिविल लाइन क्षेत्र निवासी शोएब को गोली लग गई। फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका दहल गया। कोई कुछ समझ नहीं पाया। सूचना पर बन्नादेवी, गांधीपार्क, देहलीगेट थाने का पुलिस बल बुलाया गया। एसएसपी नीरज जादौन, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, सीओ द्वितीय धनंजय सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस का एक्शन शुरू हुआ और गिरफ्तारी का दौर अब भी चल रहा है। इस बीच एक हफ्ते बाद घटना का वीडियो सामने आया और वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदशियों के अनुसार दोनों गुटों में 40 से अधिक युवक शामिल थे। सरेराह बाजार में हुई घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई। कोई कुछ समझ नहीं पाया। दुकानदार अपनी दुकानों को बंद करके जान बचाते हुए भागे। कुछ देर बाद ही पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।





