भारत

630 आतंकी ढेर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने राज्यसभा में 38 महीनों में हुए हमलों की दी जानकारी

Admin2
4 Aug 2021 1:40 PM GMT
630 आतंकी ढेर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने राज्यसभा में 38 महीनों में हुए हमलों की दी जानकारी
x

मई 2018 से जून 2021 के बीच जम्मू कश्मीर में कम से कम 630 आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया है। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को राज्यसभा में दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान 400 एनकाउंटर्स भी हुए, जिसमें 85 जवान शहीद हो गए। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह के सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर सीमा लगातार सीमापार से प्रयोजित आतंकवाद का शिकार रहा है।

अपने लिखित जवाब में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि आतंकवाद को लेकर सरकार की जीरो टॉलिरेंस की पॉलिसी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यहां पर सुरक्षा बेहतर बनाने के लिए उपाय किए हैं। देश विरोधी तत्वों के खिलाफ कड़े कानून लागू किए गए हैं। साथ ही आतंकी संगठनों की चुनौती से निपटने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन भी चलाए जा रहे हैं। नित्यानंद राय ने कहा कि सुरक्षा बल ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रख रहे हैं जो आतंकवादियों की मदद कर रहे हैं। साथ ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने बताया कि जून 2021 तक पाकिस्तान द्वारा जम्मू कश्मीर में 664 बार सीजफायर का उल्लंघन करते हुए सीमापार से गोलीबारी की गई है। हालांकि मार्च महीने में यहां पर सीमा पार से गोलीबारी या सीजफायर उल्लंघन की एक भी घटना नहीं हुई थी। वहीं डीएमके सांसद तिरुचि सिवा के जाब में उन्होंने राज्यसभा को बताया कि 2019 में यूएपीए कानून के तहत जम्मू-कश्मीर में 1948 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 34 लोगों को सजा भी सुनाई गई।

Next Story