भारत

बाढ़ से 62 लोगों की मौत, PM मोदी ने इस राज्य के CM से बात की

Nil dhankar
26 July 2026 7:01 AM IST
बाढ़ से 62 लोगों की मौत, PM मोदी ने इस राज्य के CM से बात की
x
पढ़े पूरी खबर

असम. बाढ़ की स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से फोन पर बात की और राज्य में बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली. पीएम मोदी ने असम सरकार को राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया. बारिश कम होने के बाद राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है.

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे बाढ़ की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली. उन्होंने बाढ़ से हुए नुकसान, जारी राहत कार्यों और जमीन पर आ रही चुनौतियों के बारे में भी पूछा. सरमा ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों और बाढ़ प्रभावित हर परिवार तक पहुंचने के प्रयासों की जानकारी दी. प्रधानमंत्री ने जान-माल के नुकसान पर गहरी संवेदना जताई और भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस आपदा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.

असम में इस साल बाढ़ के कारण अब तक 62 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य के 9 जिलों में 7.05 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. करीब 856 गांव पानी में डूबे हुए हैं, जबकि 56,606.78 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है. बाढ़ के कारण कई जिलों में तटबंध, सड़कें, पुल और दूसरी बुनियादी सुविधाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं. केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने शनिवार को शिवसागर जिले के बाढ़ राहत शिविरों का दौरा किया. उन्होंने विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन, पीने का साफ पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

सोनोवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर मदद पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद परिवार तक राहत और चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. इससे पहले सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ से असम ओलंपिक संघ के बाढ़ राहत अभियान को भी रवाना किया. इस अभियान के तहत चराइदेव, शिवसागर और जोरहाट जिलों के बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी.


Next Story