भारत

ICU वार्ड में 6 मरीज जिंदा जले, भीषण आगजनी की घटना

Nilmani Pal
6 Oct 2025 6:15 AM IST
ICU वार्ड में 6 मरीज जिंदा जले, भीषण आगजनी की घटना
x
पढ़े पूरी खबर

राजस्थान। राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में सोमवार तड़के एक भयावह हादसा हुआ। ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में आग लगने से छह मरीजों की मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में वार्ड में जहरीला धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल कर्मियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा , मंत्री जवाहर सिंह बेधम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ के मुताबिक, आग की शुरुआत शॉर्ट सर्किट से हुई, जो देखते ही देखते पूरे ट्रॉमा आईसीयू वार्ड में फैल गई। उन्होंने बताया कि उस समय दूसरी मंजिल के दो आईसीयू वार्डों में कुल 24 मरीज भर्ती थे। इनमें से 11 मरीज ट्रॉमा आईसीयू में थे। आग फैलने के बाद धुएं ने स्थिति को और भयावह बना दिया। डॉ. धाकड़ ने बताया कि आग की चपेट में आए अधिकतर मरीज कोमा में थे, जिससे उन्हें निकालना बेहद मुश्किल हो गया। नर्सिंग स्टाफ और वार्ड बॉय ने मिलकर मरीजों को ट्रॉली के जरिए बाहर निकाला, लेकिन छह मरीजों की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें बचाया नहीं जा सका। मृतकों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पांच अन्य मरीजों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार इन मरीजों को बचाने के प्रयास में जुटी है। आग लगने के बाद ट्रॉमा सेंटर के अन्य मरीजों को सुरक्षित वार्डों में शिफ्ट कर दिया गया है।


Next Story
null