भारत

पांगी में 52 टीमें मतदान केंद्रों के लिए रवाना

Shantanu Roy
26 May 2026 2:21 PM IST
पांगी में 52 टीमें मतदान केंद्रों के लिए रवाना
x
Chamba. चंबा। जनजातीय उपमंडल पांगी में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप सिंह की निगरानी में रविवार को पोलिंग टीमों को चुनाव सामग्री प्रदान कर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जनजातीय क्षेत्र पांगी उपमंडल की 19 ग्राम पंचायतों में 26 और 28 मई को मतदान होना है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए कुल 52 पोङ्क्षलग टीमें विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए भेजी गई हैं, जबकि 10 टीमों को रिजर्व में रखा गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के तहत 61 जवानों को भी मतदान केंद्रों में तैनात किया गया है। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं आवासीय आयुक्त ने पोलिंग टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी टीमें आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ
कार्य करें।


उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित सेक्टर अधिकारी से तुरंत संपर्क कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा बिना पुलिस सुरक्षा के किसी भी प्रकार की आवाजाही न करने के निर्देश भी दिए। साथ ही मतदान संबंधी सभी सामग्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के बाहर सौ मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार की भीड़ अथवा प्रचार-प्रसार की अनुमति नहीं होगी और इसकी जिम्मेदारी पुलिस सुरक्षा बल की होगी। पोलिंग टीमों के साथ चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिस सुरक्षा बल के जवानों को रवाना होने से पूर्व सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव सामग्री की सुरक्षा सुरक्षा बल की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान के दौरान मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही मतदाताओं के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और मतदान केंद्रों पर भीड़ एकत्र न होने देने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी योगेश कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Next Story