भारत

तलवार से 5 लोगों पर हमला, 3 की मौत

Nilmani Pal
5 July 2025 6:38 AM IST
तलवार से 5 लोगों पर हमला, 3 की मौत
x
पढ़े पूरी खबर

सीवान। जिले के भगवानपुर हाट थाने के मलमलिया चौक पर हमलावरों ने शुक्रवार को सरेशाम तलवार से पांच लोगों को काट डाला। इनमें से तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई, जब कि दो लोगों का इलाज चल रहा है। मृतकों में कौड़िया वैश्य टोली गांव के मुन्ना सिंह, रोहित कुमार और कन्हैया सिंह शामिल हैं। वहीं दो लोग रौशन सिंह व करण सिंह का इलाज बसंतपुर पीएचसी में कराने के बाद चिकित्सकों ने सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इन दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के विरोध मे लोगों ने रोड जाम कर हंगामा किया और एक बाइक में आग लगा दी।

पूरा बाजार घटना के बाद से बंद हो गया है। वहीं, कई थानों की पुलिस एसपी के नेतृत्व में घटनास्थल पर कैंप कर रही है। एसपी मनोज कुमार तिवारी ने घटना का कारण पूर्व का विवाद बताया है। कई बिन्दुओं पर अभी जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि करीब पौने पांच बजे हमलावर सबसे पहले मलमलिया मंदिर के पास पहुंचे और मुन्ना सिंह पर हमला कर दिए। इसके बाद ओवर ब्रिज पर चढ़े और कौड़िया के पूर्व मुखिया अखिलेश सिंह के पुत्र पर हमला किए। इसके बाद अन्य लोगों पर हमला करने लगे। इस घटना के बाद से पूरे बाजार व चौक पर अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। हमलावरों ने करीब आधे घंटे तक उत्पात चौक पर मचाया। तलवार से घटना को अंजाम दिए जाने के अलावा दहशत फैलाने के लिए गोली चलाए जाने की भी बात बताई जा रही है।

वहीं एसपी सीवान मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि मलमलिया चौक के समीप हमलावरों के हमले में तीन लोगों की मौत हुई है। दो घायल लोगों का इलाज चल रहा है। पुराने विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिए जाने की बात पहली नजर में जांच के दौरान सामने आई है। पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी गई है। वहीं इस घटना को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नरसंहार बताते हुए नीतीश सरकार को घेरा है। उन्होने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सीवान में 6 लोगों को मारी गोली, 3 की मौक़ा ए वारदात पर मौत, अचेत मुख्यमंत्री की अगुवाई में विधि व्यवस्था ध्वस्त है।

Next Story
null