भारत

5 घंटे की मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, पुलिया टूटी, स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं

Shantanu Roy
30 July 2025 3:40 PM IST
5 घंटे की मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, पुलिया टूटी, स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं
x
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
Sawai Madhopur. सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में मंगलवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश ने जिले भर में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मंगलवार रात 1 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का सिलसिला बुधवार सुबह 6 बजे तक जारी रहा। करीब 5 घंटे तक लगातार हुई तेज बारिश ने जिले के कई इलाकों को जलमग्न कर दिया और बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए।

शहर के पुराने इलाकों में जलभराव, घरों में घुसा पानी
तेज बारिश का सबसे ज्यादा असर सवाई माधोपुर शहर के पुराने हिस्सों में देखने को मिला। सौरती बाजार, रैगर मोहल्ला, अंसारी मोहल्ला, हम्माल मोहल्ला, मिर्जा मोहल्ला और ब्रह्मपुरी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में पानी घरों के अंदर तक घुस गया। लोगों को रातभर पानी निकालने और सामान बचाने में मशक्कत करनी पड़ी। कई घरों में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया।

औगाड़ पुलिया टूटने से मध्यप्रदेश से संपर्क टूटा
जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर बोदल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-552 (NH-552) पर स्थित औगाड़ पुलिया तेज बारिश के चलते पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया के टूटने से मध्यप्रदेश से संपर्क पूरी तरह से कट गया है। भारी वाहनों के साथ ही आमजन का आना-जाना भी बंद हो गया है। पुलिया टूटने की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर काना राम और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिया के दोनों ओर बेरिकेड्स लगाने और वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए।

विधायक ने खुद बांधा रस्सा, मौके पर मौजूद रहे अधिकारी
वहीं खंडार विधायक जितेन्द्र गोठवाल भी मौके पर पहुंचे और लोगों के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त पुलिया के चारों ओर रस्सा बांधकर सुरक्षा के प्रबंध किए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात कर पुलिया के दोनों छोर पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने को कहा ताकि कोई दुर्घटना न हो।

स्कूलों में छुट्टियां बढ़ीं, स्टाफ रहेगा उपस्थित
जिले में हो रही लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों की छुट्टियों की अवधि बढ़ा दी है। पहले 1 से 8वीं तक के छात्रों की छुट्टी घोषित की गई थी, जिसे अब 12वीं तक कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, हरकेश मीणा ने बताया कि जिला कलेक्टर काना राम के निर्देश पर अब जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में नर्सरी से 12वीं तक के छात्रों की छुट्टी 30 और 31 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। हालांकि स्कूल स्टाफ को स्कूल में उपस्थित रहकर प्रशासनिक कार्य करने होंगे।

चौथ का बरवाड़ा में तालाब की पाल टूटी, गांवों में घुसा पानी
चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण राय सागर तालाब की पाल टूट गई, जिससे तालाब का सारा पानी निचले इलाकों में भर गया। पानी की तेज धार ने खेतों और सड़कों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके चलते चौथ का बरवाड़ा से अलीगढ़ जाने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया है। हालात को गंभीर देखते हुए राहत एवं बचाव टीम को मौके पर रवाना किया गया, लेकिन लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण बचाव कार्यों में भी बाधा आ रही है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

टोडरा फ्लौदी क्वारी में भी घरों में भरा पानी
सवाई माधोपुर के टोडरा फ्लौदी क्वारी क्षेत्र में भी घरों में पानी भर गया। कई मकानों में एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग बाल्टियों और मोटरों की मदद से घरों से पानी निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रशासन की तैयारियां और निगरानी
जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। कलेक्टर काना राम ने स्वयं शहर के पुराने जलभराव वाले इलाकों का दौरा किया और अधिकारियों को पंप लगाकर पानी निकासी के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए भी व्यवस्था करने को कहा गया है। एसपी अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे संवेदनशील स्थानों पर बल तैनात करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करें। एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें भी अलर्ट पर रखी गई हैं।
Next Story