भारत

बेगूसराय में 5 बच्चों की डूबने से मौत, गांव में छाया मातम

Apurva Srivastav
3 May 2021 5:43 PM GMT
बेगूसराय में 5 बच्चों की डूबने से मौत, गांव में छाया मातम
x
बिहार के बेगूसराय जिले में पानी भरे गड्ढे में नहाने के दौरान डूबने से सोमवार को एक साथ पांच बच्चों की मौत हो गई।

बिहार के बेगूसराय जिले में पानी भरे गड्ढे में नहाने के दौरान डूबने से सोमवार को एक साथ पांच बच्चों की मौत हो गई। घटना बखरी थाना क्षेत्र के इटवा चौर की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया। इन्हें इलाज के लिए स्थानीय क्लीनिक में ले जाया गया लेकिन तब तक इनकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान घाघरा गांव के अंकुल पासवान के 10 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार, लूटन साह के 15 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार, इंद्रदेव महतो के 10 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार, स्वर्गीय बिंदेश्वरी ठाकुर के 12 वर्षीय पुत्र चैंपियन कुमार तथा सुजीत ठाकुर के 12 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में की गई है।
बखरी थाना इलाके के घाघरा गांव से पांच बच्चे एक साथ साइकिल से नहाने के लिए निकले थे। ये सभी गांव के पास ही इटवा चौर में नहाने लगे। इस बीच जेसीबी मशीन से बने गड्ढे में एक बच्चा चला गया। इसे बचाने के क्रम में एक के बाद एक पांचों बच्चे गहरे पानी में चले गए। इस वजह से सभी डूब गए।
दोपहर बाद देर तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी खोजबीन की गई तो चौर के किनारे इनकी साइकिल और कपड़े पड़े हुए मिले। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से आसपास के लोगों ने चौर में खोजबीन शुरू की और इन डूबे बच्चों को बाहर निकाला। आनन-फानन में लोगों द्वारा इन्हें इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया। पहले चार बच्चों की मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पांचों की मौत की पुष्टि हो गई।


Next Story