भारत

सीयू के 44 होनहारों को कंपनियों में मिली नौकरी

Shantanu Roy
19 May 2026 5:57 PM IST
सीयू के 44 होनहारों को कंपनियों में मिली नौकरी
x
Hospice. धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में इस वित्त वर्ष के दौरान 44 विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों और संस्थानों द्वारा प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिए गए हैं। चयनित विद्यार्थियों में 30 विद्यार्थी एमबीए विभाग के हैं, जिन्हें टीसीएस, टाटा पावर, वर्धमान, इंफिनिटी होटल, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, स्वराज ट्रैक्टर, एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और बजाज फाइनेंस जैसी कंपनियों द्वारा प्री-प्लेसमेंट ऑफर प्रदान किए गए हैं।इसके अतिरिक्त समाज कार्य विभाग के आठ विद्यार्थियों का चयन गांधी फेलोशिप के लिए हुआ है, जबकि विभाग के तीन विद्यार्थियों को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा चुना गया है। वहीं समाजशास्त्र विभाग के दो, इतिहास विभाग के एक तथा अर्थशास्त्र विभाग के दो विद्यार्थियों को भी अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से प्री-प्लेसमेंट ऑफर प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालय परिसर में हाल ही में विभिन्न कंपनियों की ओर से आयोजित प्री-प्लेसमेंट वार्ता के दौरान यह चयन
प्रक्रिया संपन्न हुई।


विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. अमित गंगोटिया ने बताया कि विद्यार्थियों के प्रशिक्षण और प्लेसमेंट को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुलपति के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों द्वारा प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार उन्मुख गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने कहा कि विश्वविद्यालय कौशल विकास आधारित शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है, ताकि विद्यार्थियों को डिग्री पूर्ण होने के बाद रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति को लागू करने में विश्वविद्यालय अग्रणी संस्थानों में शामिल रहा है तथा विभिन्न विभागों में कौशल विकास से संबंधित पाठ्यक्रम तैयार करने और संचालित करने पर कार्य किया जा रहा है। कुलपति ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के प्रशिक्षण और रोजगार सुनिश्चित करने के लिए प्रयास जारी रखे जाएंगे। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जितेंद्र कुमार, कुलपति के सचिव प्रो. सुमन शर्मा, प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ के सहायक निदेशक डॉ. अरुण भाटिया, डॉ. अमित बसंतरे, डॉ. चन्दन आनन्द, समन्वयक डॉ. शबाब अहमद, डॉ. सर्वेश, डॉ. रीटा सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Next Story