
x
पुलिस टीम पर हमला, कई इलाकों में भारी सुरक्षा तैनात
Chhatarpur छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। ढोढन गांव में विस्थापन और मुआवजे के मुद्दे पर विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसके बाद हालात बिगड़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भारी बल तैनात किया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को हुई हिंसा के बाद किशनगढ़ थाना क्षेत्र में अमित भटनागर, दिव्या अहिरवार सहित करीब 150 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। गुरुवार को पुलिस टीम नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची, तभी भीड़ ने दोबारा पथराव शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मुआवजा प्राप्त कर चुके और पुनर्वास के लिए चिन्हित परिवारों के पुराने मकानों को हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया और पुलिस व प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया।
अब तक 38 नामजद आरोपियों में से 31 को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष की तलाश जारी है। पुलिस फोटोग्राफी, वीडियो और ड्रोन फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर रही है। मामले में हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और पुलिस पर हमले जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। स्थिति को देखते हुए बांध निर्माण स्थल और आसपास के क्षेत्रों में 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
Next Story





