
यूपी। सिद्धार्थनगर जिले के बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र स्थित करीमपुर महापाली गांव में मंगलवार रात अजय गुप्ता के घर में अचानक एक के बाद एक सांप के बच्चे निकलने से हड़कंप मच गया. परिजनों ने स्नेक कैचर को बुलाकर घर के कोने-कोने से खोजवाकर 30 सपोले पकड़वाए. माना जा रहा है कि घर में किसी जगह अंडे फूटने से सपोले बाहर आए.
स्नेक कैचर ने सभी सटोलों को डिब्बे में बंद कर जंगल में ले जाकर छोड़ दिया. मंगलवार रात घर में पहला सपोला दिखने पर परिजनों ने उसे झाड़ू से दबाकर बाहर निकाला. थोड़ी देर बाद एक और सपोला नजर आया. इसके बाद लगातार सांप के बच्चे निकलते रहे.
रात होने के कारण मकान मालिक अजय गुप्ता ने परिजनों को घर के उस हिस्से में जाने से पूरी तरह रोक दिया. सुबह आसपास के लोग भारी संख्या में पहुंचे और स्नेक कैचर को बुलाया गया. स्नेक कैचर ने बारीकी से खोजकर 30 सपोले पकड़े और डिब्बे में सुरक्षित रखकर जंगल में छोड़ दिया. हालांकि, सपोले किस जगह से बाहर आ रहे थे, उस सटीक स्थान का पता नहीं चल सका. गांव के लोग इस हालत से हैरान हैं.





