
x
धर्मशाला। जिला कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घट्टा टोल प्लाजा के पास एक कार से ट्रामाडोल के 422 कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना कांगड़ा में मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार देर रात सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस थाना कांगड़ा के तहत घट्टा टोल प्लाजा के पास गश्त और चेकिंग के दौरान एक इटियोस क्रॉस कार (एचपी 40सी-8919) को जांच के लिए रोका।
कार में तीन युवक सवार थे। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से स्पैसमोविल प्लस के 422 कैप्सूल बरामद हुए, जिनमें कुल 21.10 ग्राम ट्रामाडोल पाया गया। पुलिस ने कैप्सूल और कार को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष राणा (38) निवासी राजोल, तहसील शाहपुर, पवन धीमान (32) निवासी हटली गुड़ाना, तहसील सिहुंता, जिला चंबा और ओम प्रकाश (46) निवासी सराह, तहसील धर्मशाला के रूप में हुई है। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे ट्रामाडोल कैप्सूल कहां से लेकर आए थे और इनकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में आगामी जांच जारी है।
Next Story





