
यूपी। लखनऊ अमौसी स्थित मैमोरा एयरफोर्स स्टेशन की बिजली गुल होने एवं करोड़ों की लागत से लाइन के निर्माण में गड़बड़ी के मामले में तीन एसडीओ निलंबित कर दिए गए। एमडी मध्यांचल रिया केजरीवाल के पत्र के बाद एमडी पीवीवीएनएल रवीश गुप्ता ने यह कार्रवाई की। पश्चिमांचल डिस्कॉम में तैनात तीनों एसडीओ पहले लखनऊ में तैनात थे।
इस मामले में एक अधिशासी अभियंता समेत छह इंजीनियर को अब तक निलंबित किया जा चुका है। जानकारी के मुताबिक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ की एमडी रिया केजरीवाल की ओर से पत्र एमडी पीवीवीएनएल रवीश गुप्ता को भेजा गया था। जिसके आधार पर एमडी पीवीवीएनएल ने कार्रवाई की। पीवीवीएनएल निदेशक कार्मिक आशु कालिया ने लखनऊ से मिले निर्देशों के बाद की गई कार्रवाई की पुष्टि की।
निलंबित होने वाले तीन एसडीओ में गाजियाबाद के उपखंड लाल बाग लोनी के एसडीओ आनंद कुमार, एसडीओ गुन्नौर संभल ऋषि शुक्ला एवं अमरोहा उपखंड के सतविंदर कुमार यादव हैं। बताया गया कि पूर्व में आनंद कुमार और ऋषि शुक्ला लखनऊ इलेक्ट्रिक सप्लाई एडमिनिस्ट्रेशन (लेसा) निर्माण सर्किल में जूनियर इंजीनियर पद पर तैनात थे, जबकि सतविंद्र मोहनलालगंज उपखंड के एसडीओ थे। अब तीनों पश्चिमांचल में तैनात हैं। निलंबित करते हुए तीनों एसडीओ को सहारनपुर मुख्य अभियंता जोन कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।





