भारत

3 करोड़ कैश जब्त, बड़े कारोबारी आईटी की रडार में

Nilmani Pal
22 March 2026 7:51 AM IST
3 करोड़ कैश जब्त, बड़े कारोबारी आईटी की रडार में
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। आयकर विभाग की मेरठ इन्वेस्टिगेशन विंग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े कारोबारी बिंदल्स ग्रुप के ठिकानों पर छापेमारी कर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का भंडाफोड़ किया है। 18 मार्च से शुरू हुई इस बड़ी कार्रवाई में विभाग ने 3 करोड़ से अधिक की अघोषित नकदी और 20 करोड़ से अधिक मूल्य के स्वर्ण आभूषण बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त करोड़ों रुपये के फर्जी लेन-देन और अचल संपत्तियों के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए।

18 मार्च को मुजफ्फरनगर में बिंदल ग्रुप के आवास और पेपर मिल सहित अन्य ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग ने गोपनीय तरीके से परिवार के लोगों को घर पर पकड़ते हुए छापेमारी शुरू की थी, जो शनिवार को भी जारी रही। लगातार चार दिन तक चली जांच में टीम ने मुजफ्फरनगर की छह बड़ी पेपर मिल बिंदल्स डुप्लेक्स, अग्रवाल डुप्लेक्स बोर्ड मिल्स, टिहरी पल्प, शाकुंभरी पल्प और बिंदल इंडस्ट्रीज के साथ-साथ बिजनौर स्थित समूह की शुगर यूनिट पर भी अधिकारियों ने डेरा डाले रखा। दिल्ली स्थित ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी। शनिवार को सूचना विभाग के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराई गई, जिसमें बताया कि जांच में समूह ने कागज निर्माण के क्षेत्र में 50 करोड़ से अधिक की फर्जी खरीद दिखाकर अपने मुनाफे को कम करने का प्रयास किया। गन्ने की खोई और अन्य कच्चे माल की खरीद में भी भारी वित्तीय अनियमितताएं मिली हैं। छापेमारी के दौरान जांच टीम को 50 से अधिक अचल संपत्तियों के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मिले हैं, जिनकी बाजार कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।

बिंदल शुगर एन्ड डिस्टिलरी यूनिट में 84 घंटे तक रही आयकर विभाग की छापामार टीम। शनिवार की शाम छह बजे के बाद आयकर विभाग की टीम फेक्ट्री से बाहर निकली। गुरुवार से जांच टीम के साथ सहयोग में लगे मिल के अध्यक्ष, अध्याशी व डिस्टिलरी प्रमुख भी यूनिट के साथ बाहर निकले। बुधवार सुबह छह बजे के बाद चांगीपुर स्थित बिंदल ग्रुप की शुगर मिल एवं डिस्टिलरी यूनिट में आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी शुरू की थी जो शनिवार की शाम तक जारी रही। ग्रुप के सभी फैक्ट्री व दफ्तरों में एक साथ छापेमारी की गई थी। बुधवार सुबह छह से अधिक गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे अधिकारी मिल परिसर में दाखिल हुए थे। वहां पहुंचते ही प्रशासनिक भवन में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के फोन भी जब्त कर लिए थे। टीम ने शुगर मिल, डिस्टलरी के अकॉउंट व अन्य संबंधित कागजात अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। शनिवार शाम 84 घंटे तक टीम की शुगर मिल में छापेमारी अभियान जारी रहा। टीम ने अलग-अलग विभागों से जुड़े मिल के वरिष्ठ अधिकारियों को भी फैक्ट्री में बुलाकर उनसे जरूरी पूछताछ जारी रही। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात रहा।

Next Story